#राज्य-शहर

अलवर में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का बड़ा दौरा, 24 करोड़ से अधिक के स्कूल भवनों का लोकार्पण

अलवर में 24 करोड़ के स्कूल भवनों का लोकार्पण, दिलावर का दौरा

राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने अलवर जिले के एक दिवसीय दौरे के दौरान 24.09 करोड़ रुपये की लागत से बने राजकीय विद्यालयों के भवनों का लोकार्पण किया। उन्होंने विभिन्न स्कूलों और गांवों का निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था, पोषाहार, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान बच्चों के साथ बैठकर पोषाहार भी चखा और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

24 करोड़ से अधिक के शिक्षा विकास कार्यों का लोकार्पण

शिक्षा मंत्री ने रैणी क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ईशवाना, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय पिनान सहित कुल 24.09 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सात नए विद्यालय भवनों का लोकार्पण किया। इसके अलावा चिमरावली सिक्ख स्थित राजकीय विद्यालय में सरस्वती प्रतिमा का अनावरण भी किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार निवेश कर रही है।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षक भर्ती पर सरकार का फोकस

मदन दिलावर ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को संस्कार, नैतिकता और मानवीय मूल्यों पर आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पहली बार प्रदेश में 1 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू किया गया, जिससे समय पर पढ़ाई शुरू हो सकी। साथ ही माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के परिणाम भी समय से घोषित किए गए और विद्यार्थियों को सत्र प्रारंभ होते ही पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में एक लाख शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया भी जारी है तथा अलवर जिले के विद्यालयों की मरम्मत के लिए 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

स्कूलों का निरीक्षण, बच्चों के साथ बैठकर चखा पोषाहार

दौरे के दौरान शिक्षा मंत्री ने बुर्जा और कलसाड़ा सहित कई राजकीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ बैठकर पोषाहार ग्रहण किया और भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। पोषाहार आपूर्ति करने वाली संस्था को गुणवत्ता और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, खेलकूद, साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों को विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

गांवों की सफाई, नई घोषणाएं और तत्काल समाधान के निर्देश

शिक्षा मंत्री ने चिमरावली सिक्ख गांव में विद्यालय के सौंदर्यीकरण के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही गांव में स्ट्रीट लाइट, नालियों के निर्माण और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यालय में शिक्षकों की कमी की शिकायत मिलने पर मौके पर ही तीन शिक्षकों की कार्य व्यवस्था के आदेश जारी कराए गए। उन्होंने कस्तूरबा गांधी विद्यालय पिनान के लिए खेल मैदान हेतु भूमि आवंटन और चारदीवारी निर्माण के निर्देश भी दिए। इसके अलावा गांवों में स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित विकास अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें –अलवर में GST अधिकारी के घर हाई-प्रोफाइल लूट का खुलासा, 600 CCTV खंगालकर 4 आरोपी गिरफ्तार

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *