अलवर में छात्रसंघ चुनाव की मांग तेज, बाबू शोभाराम कॉलेज के बाहर छात्रों की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू
राजस्थान के अलवर स्थित बाबू शोभाराम कला महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव सहित 16 सूत्रीय मांगों को लेकर छात्रों ने आंदोलन तेज कर दिया है। सोमवार से पांच छात्र नेताओं ने कॉलेज के मुख्य द्वार पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। छात्रों का कहना है कि लंबे समय से उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है और जब तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान धरना स्थल की व्यवस्था को लेकर पुलिस और छात्र नेताओं के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।
पांच छात्र नेता भूख हड़ताल पर, छात्रों का मिला समर्थन
सोमवार सुबह करीब 10 बजे से कॉलेज गेट पर शुरू हुई भूख हड़ताल में छात्र नेता अंकित गुर्जर, विनोद जाटव, अजय चौधरी, इरफान खान और अभिषेक यादव शामिल हुए। आंदोलन को समर्थन देने के लिए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि कॉलेज से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर लंबे समय से कोई समाधान नहीं निकला है। ऐसे में शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने के लिए भूख हड़ताल का रास्ता चुना गया है।
धरना स्थल पर टेंट लगाने को लेकर पुलिस और छात्रों में बहस
धरने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन बनाए रखने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि धरना स्थल पर गद्दे, टेबल और टेंट जैसी व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन की पूर्व अनुमति आवश्यक है। इस बात को लेकर कुछ देर तक छात्र नेताओं और पुलिस के बीच बहस हुई। छात्रों ने ऑटो से गद्दे उतरवा लिए, लेकिन पुलिस ने टेबल उतारने की अनुमति नहीं दी और वाहन को वापस भेज दिया। हालांकि स्थिति बाद में शांतिपूर्ण बनी रही।
छात्र नेता ने धमकी भरे फोन आने का लगाया आरोप
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता अंकित गुर्जर ने आरोप लगाया कि भूख हड़ताल शुरू होने के बाद उन्हें लगातार फोन कर आंदोलन के लिए अनुमति लेने की बात कही जा रही है और कार्रवाई की चेतावनी भी दी जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि छात्र अपनी समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हैं तो क्या उसके लिए भी अलग से अनुमति लेना आवश्यक है। फिलहाल इस आरोप पर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
छात्रों ने रखीं 16 प्रमुख मांगें, चुनाव से लेकर मूलभूत सुविधाएं शामिल
एनएसयूआई सचिव विनोद जाटव के अनुसार छात्रों की 16 सूत्रीय मांगों में छात्रसंघ चुनाव की घोषणा, समय पर सेमेस्टर परीक्षाएं, परीक्षा शुल्क में राहत, नई शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षकों की नियुक्ति, कंप्यूटर शिक्षकों की उपलब्धता, नियमित कक्षाएं, रिक्त पदों पर भर्ती, आधुनिक पुस्तकालय, स्वच्छ पेयजल, बेहतर शौचालय, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, छात्राओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और महिला हेल्प डेस्क, मुफ्त वाई-फाई, समय पर छात्रवृत्ति, आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को फीस में राहत, खेल एवं करियर मार्गदर्शन तथा प्रत्येक माह प्राचार्य और छात्र प्रतिनिधियों के साथ खुली बैठक आयोजित करने जैसी मांगें शामिल हैं। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
इसे भी पढ़ें – जयपुर में UGC नियमों के विरोध पर करणी सेना का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट मार्च के दौरान पुलिस ने वॉटर कैनन का किया इस्तेमाल