#क्राइम #राज्य-शहर

अलवर सेंट्रल जेल में फिर घुसी निषिद्ध सामग्री: जुराब में छिपाकर फेंके गए पैकेट से 7 मोबाइल बरामद

अलवर सेंट्रल जेल में निषिद्ध सामग्री पहुंचने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में रात के समय जेल के हल्का नंबर-2 में स्टाफ टॉयलेट के पास एक संदिग्ध पैकेट बरामद हुआ, जिसे जुराब में छिपाकर अंदर फेंका गया था।

तलाशी के दौरान पैकेट में रखे मल्टीविटामिन के डिब्बे के भीतर से 7 मोबाइल फोन और एक डेटा केबल मिली। सभी मोबाइल बिना सिम के पाए गए, जिससे इनके अवैध इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है।

मामले की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन मौके पर पहुंचा और पूरी कार्रवाई का वीडियो बनाते हुए सामग्री को जब्त कर सीलबंद कर दिया। इसके बाद कोतवाली थाना में कारागृह अधिनियम की धारा 42 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है। पिछले एक महीने में इसी तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं, जहां जेल परिसर में बाहर से पैकेट फेंककर मोबाइल पहुंचाए गए। हर बार पुलिस ने मामला दर्ज किया, लेकिन अब तक इन घटनाओं में शामिल लोगों की पहचान नहीं हो सकी है।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि कड़ी निगरानी के बावजूद बाहरी लोग आखिर कैसे जेल के अंदर तक पैकेट फेंकने में सफल हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस जांच जारी होने का दावा कर रही है, लेकिन सप्लायरों तक पहुंचना अब भी बड़ी चुनौती बना हुआ है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *