किशनगढ़ बास में कांग्रेस का पैदल मार्च, महंगाई और पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन
किशनगढ़ बास में केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में सोमवार को कांग्रेस द्वारा एक पैदल मार्च निकाला गया। यह मार्च गुलाब देवी धर्मशाला से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ एसडीएम कार्यालय पहुंचा। मार्च का नेतृत्व विधायक दीपचंद खेरिया ने किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन ने भाग लिया। एसडीएम कार्यालय पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम एसडीएम सत्यवीर यादव को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने नीट पेपर लीक, बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर विरोध जताया।
विधायक दीपचंद खेरिया ने कहा कि देश का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं ने मेहनती विद्यार्थियों के सपनों को तोड़ दिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ते दामों से आम आदमी की कमर टूट चुकी है।