अलवर में रिटायर्ड पुलिसकर्मियों का प्रदर्शन, मंत्री गौतम दक से माफी और बर्खास्तगी की मांग
अलवर। जिले में सोमवार को सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने सहकारिता मंत्री गौतम दक के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। रिटायर्ड पुलिसकर्मी सबसे पहले पुलिस अन्वेषण भवन में एकत्रित हुए, जहां उन्होंने मंत्री के कथित अभद्र व्यवहार को लेकर धरना दिया और गहरी नाराजगी जताई।
इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी मिनी सचिवालय पहुंचे, जहां उन्होंने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के माध्यम से राज्यपाल और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मिनी सचिवालय के मुख्य द्वार पर जमकर नारेबाजी भी की।
प्रदर्शन कर रहे रिटायर्ड पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हाल ही में चित्तौड़गढ़ जिले के डूंगला थाने के थानाधिकारी और पुलिसकर्मियों के साथ मंत्री गौतम दक की बातचीत का एक ऑडियो वायरल हुआ था। आरोप है कि इस ऑडियो में मंत्री ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उन्हें धमकाया। इस मामले में मुकदमा भी दर्ज किया जा चुका है, जिसके बाद प्रदेशभर के सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों में आक्रोश फैल गया है।
रिटायर्ड डीएसपी सुरेश कुमार यादव ने बताया कि 25 मई को हुई यह घटना अत्यंत आपत्तिजनक है और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि किसी संवैधानिक पद पर बैठे मंत्री द्वारा कर्तव्य निभा रहे पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करना न केवल पुलिस बल, बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र का अपमान है। इस घटना से कर्मचारियों, पेंशनर्स और आमजन में भी भारी नाराजगी है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि मंत्री गौतम दक सार्वजनिक रूप से अपनी गलती स्वीकार कर माफी मांगें। साथ ही डूंगला थाने में दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष जांच कर जल्द कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल से मंत्री को तत्काल पद से बर्खास्त करने की मांग भी की है।
रिटायर्ड पुलिसकर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।