STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकसोमवार, 9 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

बहरोड़ विधायक डॉ. जसवंत यादव पंचतत्व में विलीन, राजनीतिक सफर को दी गई भावभीनी विदाई

डॉ. जसवंत यादव पंचतत्व में विलीन
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • चार बार विधायक, एक बार सांसद... डॉ. जसवंत यादव का राजनीतिक सफर थमा
  • पंचतत्व में विलीन हुए डॉ. जसवंत यादव, राजस्थान की राजनीति में शोक
  • छात्र राजनीति से कैबिनेट मंत्री तक... ऐसा रहा जसवंत यादव का सफर

09-11-2026 बहरोड़:

राजस्थान की राजनीति का एक जाना-पहचाना चेहरा आज हमेशा के लिए खामोश हो गया। बहरोड़ से भाजपा विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. जसवंत यादव का आज अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन से भाजपा ही नहीं, बल्कि प्रदेश की राजनीति में भी शोक की लहर है। कैंसर से लंबे समय से जूझ रहे डॉ. यादव ने 8 नवंबर को जयपुर में अंतिम सांस ली थी। चार बार विधायक, एक बार सांसद और पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे जसवंत यादव का राजनीतिक सफर संघर्ष, संगठन और सत्ता के कई पड़ावों से होकर गुजरा। देखिए ये खास रिपोर्ट...

राजनीति के लंबे सफर का आज भावुक विराम... बहरोड़ विधायक और राजस्थान सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. जसवंत यादव पंचतत्व में विलीन हो गए है । उनके अंतिम संस्कार में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा , केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव , तिजारा विधायक बालक नाथ योगी , नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित विभिन्न राजनीतिक जगत से जुड़े लोगों, जनप्रतिनिधियों, समर्थकों और बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की और नम आंखों से परिवारजनों ने उन्हें अंतिम विदाई दी , कैंसर से पीड़ित डॉ. जसवंत यादव ने रविवार, 8 नवंबर को जयपुर में सुबह करीब 8 बजकर 15 मिनट पर अंतिम सांस ली थी। उनके निधन की जानकारी बेटे मोहित यादव ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की थी।

5 अगस्त 1953 को राजस्थान में जन्मे डॉ. जसवंत यादव ने आयुर्वेद में बीएएमए

स की शिक्षा प्राप्त की।

छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे यादव ने वर्ष 1980 में दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्र राजनीति के जरिए अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। वर्ष 1985 में कांग्रेस के टिकट पर मुंडावर से पहला विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 1990 में तिजारा विधानसभा सीट से उपचुनाव भी लड़ा, लेकिन सफलता नहीं मिली। वर्ष 1993 में उन्हें अलवर जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया।

राजनीति में लगातार सक्रियता के बाद वर्ष 1998 में उन्होंने भाजपा का दामन थामा और मुंडावर विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने। इसके बाद वर्ष 1999 में भाजपा के टिकट पर अलवर लोकसभा सीट से सांसद चुने गए। वर्ष 2008 और 2013 में बहरोड़ विधानसभा सीट से लगातार जीत दर्ज की। वर्ष 2016 से 2018 तक वसुंधरा राजे सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान उनके पास कौशल विकास, श्रम एवं रोजगार सहित कारखाना और बॉयलर निरीक्षण विभाग की जिम्मेदारी रही।

हालांकि राजनीतिक सफर में हार और चुनौतियां भी उनके साथ रहीं। वर्ष 2018 में अलवर लोकसभा उपचुनाव और बहरोड़ विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना भी करना पड़ा।

लेकिन वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने एक बार फिर भाजपा के टिकट पर बहरोड़ से जीत दर्ज कर विधानसभा में वापसी की। इस तरह डॉ. जसवंत यादव चार बार विधायक और एक बार सांसद रहे। भाजपा संगठन में भी उन्होंने अलवर जिले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके पुत्र मोहित यादव भी राजनीति में लगातार सक्रिय रहे है वही उनकी पत्नी डॉ किरण यादव जिला प्रमुख रह चुकी है ।

डॉ. जसवंत यादव के निधन के बाद राजस्थान विधानसभा में विधायकों की संख्या 200 से घटकर 199 रह गई है। बहरोड़ विधानसभा सीट अब रिक्त हो गई है। आगामी छह महीने में यहां उपचुनाव कराया जाना प्रस्तावित है। उनके निधन से भाजपा को एक अनुभवी नेता का नुकसान हुआ है। वहीं बहरोड़ की राजनीति में भी उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।

एक ऐसा राजनीतिक सफर, जिसकी शुरुआत छात्र राजनीति से हुई और जो विधायक, सांसद तथा कैबिनेट मंत्री तक पहुंचा। डॉ. जसवंत यादव अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन राजस्थान की राजनीति में उनका योगदान और उनकी राजनीतिक यात्रा हमेशा याद की जाएगी।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।