बानसूर गैस सिलेंडर हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत, पीड़ित परिवार को मिली 17.50 लाख की मदद
अलवर जिले के बानसूर क्षेत्र के रसनाली गांव में शोक सभा के दौरान गैस सिलेंडर में आग लगने से 21 लोग झुलस गए थे। जयपुर में उपचार के दौरान एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। हादसे से प्रभावित परिवार को भामाशाहों और जनप्रतिनिधियों ने 17 लाख 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी।

मुख्य बातें
- बानसूर गैस सिलेंडर हादसा: बुजुर्ग महिला की मौत, परिवार को 17.50 लाख की मदद
- रसनाली गांव हादसे के पीड़ित परिवार के लिए आगे आए भामाशाह
- शोक सभा में लगी थी आग, 21 लोग झुलसे; परिवार को मिली बड़ी आर्थिक सहायता
शोक सभा के दौरान गैस सिलेंडर में लगी आग
बानसूर के रसनाली गांव में शुक्रवार को एक बुजुर्ग की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद शनिवार सुबह करीब 11 बजे परिवार की ओर से शोक सभा आयोजित की गई थी।इसी दौरान गैस सिलेंडर से गैस का रिसाव हुआ। इसके बाद अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से वहां मौजूद 21 महिला-पुरुष झुलस गए।हादसे के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत के चलते 15 लोगों को जयपुर रेफर किया गया था।
उपचार के दौरान बुजुर्ग महिला ने तोड़ा दम
हादसे में गंभीर रूप से झुलसी एक बुजुर्ग महिला ने जयपुर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। महिला की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।एक तरफ परिवार में पहले से शोक का माहौल था। वहीं, हादसे में परिजनों के झुलसने और बुजुर्ग महिला की मौत ने मुश्किलें और बढ़ा दीं।
भामाशाहों ने परिवार को दी 17.50 लाख रुपये की सहायता
पीड़ित परिवार की स्थिति को देखते हुए जिला पार्षद राकेश दायमा और भामाशाह मातादीन पणिहार मदद के लिए आगे आए।उन्होंने परिवार के बीच पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधाया और कुल 17 लाख 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सौंपी।
सहायता राशि का विवरण इस प्रकार है:
- सतवीर डूडी और राकेश दायमा: 1 लाख 50 हजार रुपये
- भामाशाह मातादीन पणिहार: 16 लाख रुपये
- कुल सहायता: 17 लाख 50 हजार रुपये
हरसंभव मदद का दिया भरोसा
इस मौके पर जिला पार्षद राकेश दायमा ने कहा कि परिवार के लिए यह बेहद कठिन समय है। दुख की इस घड़ी में वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया। उनके अनुसार, आर्थिक सहायता देने का उद्देश्य हादसे से प्रभावित परिवार को संबल प्रदान करना है।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





