मैहर के होटल में 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, जन्मदिन मनाने दोस्तों के साथ पहुंची थी प्राची
मध्यप्रदेश के मैहर में होटल के कमरे में 21 वर्षीय युवती प्राची विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह अपना 22वां जन्मदिन मनाने भाई-बहन और दोस्तों के साथ मैहर पहुंची थी। होटल में ठहरने के करीब एक घंटे बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।

मुख्य बातें
- जन्मदिन मनाने मैहर पहुंची प्राची की होटल में संदिग्ध मौत
- होटल पहुंचने के एक घंटे बाद बिगड़ी तबीयत, 21 वर्षीय युवती की मौत
- 22वें जन्मदिन से पहले मातम, मैहर के होटल में युवती की मौत
INDORE,23 NOV. 2026:
रात करीब 3 बजे होटल पहुंचे थे सभी
पुलिस के मुताबिक, प्राची विश्वकर्मा जबलपुर के दीनदयाल आईटीआई के पास रहती थी। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात वह अपने भाई-बहन और दोस्तों के साथ मैहर पहुंची थी।सभी ने देवाजी रोड स्थित आस्था यात्री निवास में तीन कमरे बुक किए थे। होटल पहुंचने के करीब एक घंटे बाद प्राची की अचानक तबीयत बिगड़ गई।उसे उल्टियां होने लगीं। हालत बिगड़ने पर उसके साथी उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
जन्मदिन मनाने मैहर आई थी प्राची
बताया गया है कि प्राची का मंगलवार को 22वां जन्मदिन था। इसी मौके पर वह अपने भाई-बहन और दोस्तों के साथ मैहर आई थी।लेकिन जन्मदिन की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। युवती की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में शोक छा गया।
पोस्टमार्टम के बाद भी मौत की वजह साफ नहीं
घटना की जानकारी मिलने पर मैहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार के अनुसार, परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।हालांकि, अभी तक मौत की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
दोस्तों और होटल कर्मचारियों से पूछताछ
पुलिस इस मामले में युवती के साथ जबलपुर से आए लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा होटल के कर्मचारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।फिलहाल युवती की अचानक तबीयत बिगड़ने और मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
पुलिस का पक्ष
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





