प्रकृति की गोद में किताबों की दुनिया! अलवर में शुरू हुई ‘विद्या कुंज-पार्क लाइब्रेरी’
अलवर।* पढ़ने की संस्कृति को नई पहचान देने और ज्ञान को आमजन तक पहुंचाने के लिए अलवर जिला प्रशासन ने एक अभिनव पहल की है। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला की पहल पर शहर की बुद्ध विहार कॉलोनी स्थित डी-ब्लॉक पार्क में ‘विद्या कुंज-पार्क लाइब्रेरी’ स्थापित की गई है। खास बात यह है कि यहां नागरिक प्रकृति के सानिध्य में बैठकर किताबों की दुनिया से जुड़ सकेंगे। वहीं, आधुनिक तकनीक के जरिए अब मनपसंद पुस्तक तलाशना भी बेहद आसान हो गया है।

मुख्य बातें
- अलवर के विद्या कुंज पोर्टल पर 26 श्रेणियों में किताबों का खजाना
- पसंद की किताब नहीं मिली तो ऑनलाइन करें डिमांड, पुस्तक दान की भी सुविधा
- जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला की अपील, विद्या कुंज अभियान से जुड़ें नागरिक
ALWAR,23NOV. 2026:
26 श्रेणियों में किताबों का खजाना*
विद्या कुंज के डिजिटल पोर्टल पर 26 अलग-अलग श्रेणियों में पुस्तकों का कैटलॉग उपलब्ध कराया गया है। इसमें साहित्य, इतिहास, विज्ञान, सामान्य ज्ञान और प्रतियोगी परीक्षाओं सहित विभिन्न विषयों की पुस्तकें शामिल हैं। इससे बच्चों, युवाओं, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों को अपनी रुचि के अनुरूप अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।
*पसंद की किताब नहीं मिली तो कर सकेंगे डिमांड*
इस लाइब्रेरी की एक और खास सुविधा पाठकों को सीधे इससे जोड़ती है। यदि किसी पाठक को अपनी पसंद की पुस्तक उपलब्ध नहीं मिलती है, तो वह पोर्टल पर ‘Make a Wish for a Book’ विकल्प के जरिए उस पुस्तक की मांग दर्ज करा सकता है। इसके अलावा ‘Donate a Book’ सुविधा के माध्यम से नागरिक अपनी पुस्तकें लाइब्रेरी को दान कर सकते हैं, ताकि दूसरे पाठक भी उनका लाभ उठा सकें।
*सुझावों से बेहतर बनेगी लाइब्रेरी*

पाठकों के अनुभव और सुझाव जानने के लिए पोर्टल पर फीडबैक एवं सजेशन का विकल्प भी दिया गया है। इसके साथ ही लाइब्रेरी से जुड़ी खबरें, अपडेट्स, फोटो गैलरी, वीडियो गैलरी और उपयोगी वेबसाइटों के लिंक भी उपलब्ध कराए गए हैं। पोर्टल पर मौजूद लाइव लोकेशन मैप के जरिए पाठक लाइब्रेरी की लोकेशन ऑनलाइन देख सकेंगे और आसानी से वहां पहुंच सकेंगे।
*जिला कलक्टर की नागरिकों से विशेष अपील*
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने अलवर के नागरिकों से इस अभिनव पहल से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने पुस्तकें दान करने, अपनी पसंद की पुस्तकों की मांग दर्ज कराने और जनभागीदारी के माध्यम से इस ज्ञान अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है।जिला प्रशासन का उद्देश्य विद्या कुंज को केवल पुस्तकालय तक सीमित न रखकर इसे पठन-पाठन, ज्ञान और सामुदायिक सहभागिता का केंद्र बनाना है। प्रशासन की अपील है कि प्रत्येक नागरिक इस मुहिम का हिस्सा बने, क्योंकि एक व्यक्ति द्वारा दान की गई पुस्तक अनेक लोगों के ज्ञान का आधार बन सकती है।
*पोर्टल लिंक:* [https://atulyaalwar.in/VIDYA_KUNJ_PARK_LIB/index.php](https://atulyaalwar.in/VIDYA_KUNJ_PARK_LIB/index.php)
*संदेश:* एक पुस्तक का दान, अनेक पाठकों के ज्ञान का सम्मान। पुस्तकें साझा करें, ज्ञान बढ़ाएं और जनभागीदारी से विद्या कुंज को सफल बनाएं।
प्रशासन का पक्ष
जिला कलक्टर की नागरिकों से विशेष अपील
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





