नीमराणा में चावल से भरे चलते कंटेनर में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराणा क्षेत्र में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मंगलवार देर रात बड़ा हादसा टल गया। जनकसिंहपुरा गांव के पास चावल से भरे चलते कंटेनर में अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में कंटेनर के अगले हिस्से और केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने समय रहते कंटेनर से कूदकर अपनी जान बचाई। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के कारण हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ।

मुख्य बातें
- नीमराणा में चलते कंटेनर में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
- चावल से भरे कंटेनर का केबिन जलकर खाक, हाईवे पर मची अफरा-तफरी
- सोनीपत से कांडला जा रहा था कंटेनर, नीमराणा में अचानक लगी आग
KOTPUTLI-BEHROR,18 NOV. 2026:
सोनीपत से कांडला जा रहा था कंटेनर
जानकारी के अनुसार, कंटेनर में चावल भरे हुए थे। चालक सोनीपत से माल लेकर गुजरात के कांडला जा रहा था। मंगलवार देर रात करीब दो बजे कंटेनर नीमराणा थाना क्षेत्र के जनकसिंहपुरा गांव के पास पहुंचा। इसी दौरान अचानक केबिन से धुआं उठने लगा। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले आग तेजी से फैलने लगी।
चालक ने कंटेनर से कूदकर बचाई जान
स्थिति बिगड़ती देख चालक ने तुरंत कंटेनर से छलांग लगा दी। इससे उसकी जान बच गई। नीमराणा थाना अधिकारी सुरेंद्र यादव के मुताबिक, कंट्रोल रूम से रात करीब दो बजे आग की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कंटेनर के अगले हिस्से में भीषण आग लगी हुई थी। आग की लपटें लगातार बढ़ रही थीं।
दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
सूचना मिलते ही नीमराणा दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की लपटें तेज होने के कारण उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक कंटेनर का अगला हिस्सा और केबिन पूरी तरह जल चुके थे।
हाईवे पर लगी वाहनों की कतारें
कंटेनर में आग लगने से दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-48 पर यातायात प्रभावित हुआ। दमकल और पुलिस वाहनों की मौजूदगी के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हुई। पुलिस ने व्यवस्था संभालकर यातायात सुचारू कराया।फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी में केबिन से धुआं उठने के बाद आग फैलने की बात सामने आई है।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





