STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकरविवार, 8 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

अलवर में पति का आरोप- पत्नी ने दी नीले ड्रम में काटकर डालने की धमकी, 7 लोगों के खिलाफ केस

अलवर में एक पति ने अपनी पत्नी पर जान से मारने की धमकी देने और घर से जेवर व नकदी ले जाने का आरोप लगाया है। परिवादी अभिषेक कुमार का दावा है कि पत्नी ने फोन पर उसे काटकर नीले ड्रम में डालने की धमकी दी। उसने सोते समय गला दबाने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया है। पति ने पत्नी सहित उसके परिवार के सात लोगों के खिलाफ कोर्ट में इस्तगासा पेश किया। इसके बाद पुलिस ने धोखाधड़ी, चोरी और धमकी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

नीले ड्रम में डालने की धमकी का मामला,
फोटो: PHOTO AI

मुख्य बातें

  • अलवर में पति का आरोप- सोते समय गला दबाने की कोशिश, फोन पर दी धमकी
  • नीले ड्रम में डालने की धमकी का मामला, पत्नी सहित 7 लोगों पर केस
  • पति का आरोप- घर से जेवर और 50 हजार रुपए लेकर गई पत्नी

ALWAR,07 NOV. 2026:

शादी के बाद दिल्ली में रहने का दबाव बनाने का आरोप

परिवादी अभिषेक कुमार (25) के अनुसार, उसका रिश्ता दिल्ली निवासी शैली से 2 अक्टूबर 2024 को तय हुआ था। आरोप है कि शादी के लिए लड़की पक्ष को 10 लाख रुपए देना तय हुआ था। इसमें 6 लाख रुपए नकद और 4 लाख रुपए बैंक खाते में जमा कराए गए थे।इसके बाद 2 फरवरी 2025 को दोनों की शादी हुई। अभिषेक का कहना है कि शुरुआती 20 से 25 दिन तक सब सामान्य रहा। फिर पत्नी दिल्ली में रहने की जिद करने लगी। उसने मकान बेचकर दिल्ली चलने का दबाव बनाया। अभिषेक के मना करने पर घर में विवाद शुरू हो गया।

वापस आने के बदले 50 हजार रुपए मांगने का आरोप

अभिषेक के मुताबिक, शादी के करीब एक महीने बाद पत्नी बिना बताए दिल्ली स्थित अपने पिता के घर चली गई। उसने वापस आने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिवार के लोग बातचीत के लिए दिल्ली पहुंचे, लेकिन पत्नी और उसके पिता ने अलवर आने से मना कर दिया।परिवादी का आरोप है कि करीब चार महीने बाद 24 अगस्त 2025 को फिर बातचीत हुई। इस दौरान पत्नी को वापस भेजने के बदले 50 हजार रुपए मांगे गए। बातचीत के बाद 30 हजार रुपए देना तय हुआ। अभिषेक के पिता के खाते से ऑनलाइन भुगतान होने के बाद पत्नी करीब पांच महीने बाद ससुराल लौटी।

सोते समय गला दबाने की कोशिश का आरोप

परिवादी ने आरोप लगाया कि पत्नी के वापस आने के बाद उसका व्यवहार और खराब हो गया। वह आए दिन दिल्ली जाने की धमकी देती थी। अभिषेक के अनुसार, एक रात जब वह सो रहा था, तब पत्नी ने उसका गला दबाने का प्रयास किया।उसके जागने पर पत्नी ने इसे मजाक बताया। अभिषेक का आरोप है कि इसके बाद पत्नी सुबह बिना बताए फिर दिल्ली चली गई। बाद में फोन पर उसने धमकी दी कि वह उसे काटकर नीले ड्रम में डाल देगी।

परिवादी के मुताबिक, पत्नी ने यह भी कहा कि उसके चाचा के बड़े लोगों से संबंध हैं और वे पूरा मामला संभाल लेंगे।

जेवर और 50 हजार रुपए ले जाने का आरोप

अभिषेक के अनुसार, जुलाई 2026 में पत्नी दोबारा अलवर आई थी। करीब 20 दिन रहने के बाद 7 अगस्त 2026 को वह अपने भाई करण के साथ गाड़ी में बैठकर चली गई।परिवादी का आरोप है कि इस दौरान पत्नी घर से सोने का मंगलसूत्र, ईयररिंग और दो अंगूठियां ले गई। इसके अलावा चांदी की चेन, अंगूठी, दो जोड़ी पायजेब, चार जोड़ी बिछिया और चांदी के हथफूल सहित अन्य जेवर भी ले जाने का आरोप है। अभिषेक ने 50 हजार रुपए नकद ले जाने की बात भी कही है।

कोर्ट के इस्तगासे पर पुलिस ने दर्ज किया मामला

परिवादी का कहना है कि उसने कई बार पत्नी से संपर्क करने का प्रयास किया। इसके बावजूद न तो वह वापस लौटी और न ही कथित तौर पर ले जाए गए जेवर व नकदी लौटाई।इसके बाद अभिषेक ने पत्नी और उसके परिवार के सात लोगों के खिलाफ कोर्ट में इस्तगासा पेश किया। कोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी, चोरी और धमकी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस की जांच और आरोपों की पुष्टि होना बाकी है।

पुलिस का पक्ष

पुलिस ने दर्ज किया मामला

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।