अलवर में पहली बार हुआ हरि-हर मिलन, शिव की पालकी यात्रा राधाकृष्ण मंदिर पहुंची
अलवर में बैकुंठ चतुर्दशी पर पहली बार उज्जैन की परंपरा के अनुरूप हरि-हर मिलन का आयोजन हुआ। सोमवार रात पुराना कटला स्थित राधाकृष्ण मंदिर में भगवान शिव और गोपाल जी का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक किया गया। इस दौरान भगवान शिव को तुलसी और गोपाल जी को बिल्वपत्र की माला पहनाई गई। वहीं, मन्नी का बड़ स्थित एकलिंग महादेव मंदिर से भगवान शिव की पालकी यात्रा निकाली गई। दूसरी ओर, स्कीम नंबर दो के बैकुंठधाम मंदिर में तुलसी विवाह का आयोजन हुआ।

मुख्य बातें
- अलवर में पहली बार हुआ हरि-हर मिलन, शिव की पालकी यात्रा निकली
- उज्जैन की तर्ज पर अलवर में शिव और गोपाल जी का मिलन
- न्नी का बड़ से राधाकृष्ण मंदिर पहुंची भगवान शिव की पालकी
ALWAR,24 NOV. 2026:
मन्नी का बड़ से निकली भगवान शिव की पालकी यात्रा
सोमवार शाम संत भारतीय सामाजिक सेवा संस्थान की ओर से मन्नी का बड़ स्थित एकलिंग महादेव मंदिर से भगवान शिव की पालकी यात्रा निकाली गई। यात्रा में ध्वज वाहक, शिव अघोरी नृत्य और भगवान शिव की आकर्षक झांकी शामिल रही।इस दौरान तोप से पुष्प वर्षा की गई। डीजे पर बज रहे भजनों के साथ श्रद्धालु नृत्य करते हुए आगे बढ़े। यात्रा में साधु-संतों का सानिध्य भी रहा। विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई पालकी पुराना कटला स्थित राधाकृष्ण मंदिर पहुंची।
तुलसी और बिल्वपत्र की माला से हुआ हरि-हर मिलन
राधाकृष्ण मंदिर में उज्जैन से आए आचार्य लखन और गौरव ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव और गोपाल जी का अभिषेक कराया। इसके बाद भगवान शिव को तुलसी की माला पहनाई गई। वहीं, गोपाल जी को बिल्वपत्र की माला अर्पित की गई।इस तरह भगवान विष्णु और भगवान शिव के मिलन की परंपरा निभाई गई। उज्जैन की तर्ज पर अलवर में पहली बार बैकुंठ चतुर्दशी पर यह आयोजन किया गया।
वृंदावन की पोशाक में सजे भगवान लक्ष्मीनारायण
स्कीम नंबर दो स्थित बैकुंठधाम मंदिर में सुबह भगवान लक्ष्मीनारायण का अभिषेक किया गया। इसके बाद उन्हें वृंदावन से मंगाई गई विशेष पोशाक और मुकुट धारण कराया गया। महिलाओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और परिक्रमा की। इसके साथ ही सागर जलाशय, मंदिरों और चौराहों पर दीपदान भी किया गया।
शालिग्राम जी की निकली बरात, वैदिक रीति से हुआ तुलसी विवाह
शाम को बैकुंठधाम मंदिर से डीजे के साथ रथ में भगवान शालिग्राम की बरात निकाली गई। श्रद्धालु बराती बनकर भजनों पर नाचते हुए कॉलोनी की गलियों से गुजरे। बरात मंदिर पहुंचने पर वरमाला की रस्म निभाई गई।इसके बाद महंत सुमेर गिरी महाराज ने वैदिक रीति से तुलसी विवाह संपन्न कराया। महिलाओं ने विवाह गीत गाए और तुलसी जी का कन्यादान किया। तुलसी को दुल्हन की तरह सजाया गया था। मंदिर में आयोजित भक्ति संगीत कार्यक्रम में महिलाओं ने भजनों की प्रस्तुतियां भी दीं।
कार्तिक पूर्णिमा पर होगा हवन
बैकुंठधाम मंदिर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार दोपहर 12 बजे हवन का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना और दीपदान किया।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





