STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकमंगलवार, 24 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

अलवर : Matsya Utsav 2026: मोती डूंगरी पर मुफ्त में करें अंतरिक्ष दर्शन, टेलीस्कोप से देख सकेंगे चांद और ग्रह

अलवर में मत्स्य उत्सव-2026 के दौरान लोगों को अंतरिक्ष की दुनिया करीब से देखने का मौका मिलेगा। 25 नवंबर को ऐतिहासिक मोती डूंगरी पर निःशुल्क एस्ट्रोटूरिज्म फेस्टिवल आयोजित होगा। सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में सूर्य, चंद्रमा, शनि और बृहस्पति सहित कई खगोलीय पिंडों को दूरबीन से देखा जा सकेगा। इसके अलावा डिजिटल प्लैनेटेरियम, वीआर स्पेस-वॉक और रॉकेट लॉन्चिंग जैसी गतिविधियां भी होंगी।

मुख्य बातें

  • अलवर में मुफ्त अंतरिक्ष दर्शन! मोती डूंगरी पर टेलीस्कोप से दिखेंगे चांद और ग्रह
  • Matsya Utsav 2026: मोती डूंगरी पर होगा अनोखा एस्ट्रोटूरिज्म फेस्टिवल
  • चंद्रमा पर चलने का मिलेगा अनुभव, अलवर में VR और प्लैनेटेरियम का खास आयोजन

MATASYA UTSAV,24 NOV. 2026:

टेलीस्कोप से सूर्य, चंद्रमा और ग्रहों का दीदार

जिला प्रशासन और स्पेस इंडिया के संयुक्त सहयोग से यह आयोजन किया जा रहा है। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि कार्यक्रम में विज्ञान और तकनीक से जुड़ी कई गतिविधियां होंगी।दिन में विशेष सोलर फिल्टर लगी दूरबीनों से सूर्य को सुरक्षित तरीके से देखने की सुविधा मिलेगी। वहीं, शाम के बाद शक्तिशाली टेलीस्कोप से चंद्रमा, शनि और बृहस्पति सहित अन्य आकाशीय पिंडों का अवलोकन किया जा सकेगा।इससे बच्चों और युवाओं को किताबों में पढ़ी अंतरिक्ष की दुनिया को प्रत्यक्ष देखने और समझने का अवसर मिलेगा।

वीआर तकनीक से स्पेस-वॉक का अनुभव

कार्यक्रम में वातानुकूलित डिजिटल मोबाइल प्लैनेटेरियम भी लगाया जाएगा। इसके गुंबदाकार थिएटर में हिंदी और अंग्रेजी में अंतरिक्ष से जुड़े शो दिखाए जाएंगे।इसके अलावा वर्चुअल रियलिटी (VR) तकनीक के जरिए लोग स्पेस-वॉक और चंद्रमा की सतह पर चलने जैसा अनुभव कर सकेंगे।ग्रेविटी कियोस्क भी आयोजन का खास आकर्षण रहेगा। इसके माध्यम से लोग जान सकेंगे कि चंद्रमा, मंगल और बृहस्पति जैसे ग्रहों पर उनका वजन कितना होगा।

बच्चे बनाएंगे छोटे रॉकेट, होगा लाइव लॉन्च

बच्चों के लिए छोटे रॉकेट बनाने और उन्हें लॉन्च करने का लाइव प्रदर्शन भी आयोजित किया जाएगा। इसके जरिए उन्हें रॉकेट की कार्यप्रणाली और अंतरिक्ष तक पहुंचने की प्रक्रिया समझने का मौका मिलेगा।आयोजकों का उद्देश्य मनोरंजन के साथ विज्ञान के प्रति बच्चों और युवाओं की रुचि बढ़ाना है।

महाआरती से म्यूजिकल नाइट तक होंगे कार्यक्रम

पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक संजय कुमार के अनुसार, इस बार मत्स्य उत्सव में परंपरा और आधुनिक मनोरंजन का संगम देखने को मिलेगा।चार दिवसीय उत्सव में महाआरती, हेरिटेज वॉक और दीपमाला जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं, मुंबई से आई विशेष टीम पोल मलखंभ का प्रदर्शन करेगी। इसके साथ ही अखिल की म्यूजिकल नाइट भी होगी।

चार साल बाद पेट शो की वापसी

इस बार मत्स्य उत्सव में पेट शो भी फिर से शामिल किया गया है। वर्ष 2022 के बाद इसकी वापसी हो रही है। ऐसे में शहरवासियों और पर्यटकों को उत्सव में कई नए आकर्षण देखने को मिलेंगे।मोती डूंगरी पर होने वाला अंतरिक्ष दर्शन कार्यक्रम खास तौर पर बच्चों, युवाओं और विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसमें प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।