अजमेर : पुष्कर मेले की बॉलीवुड नाइट में अमित मिश्रा का जलवा, डेढ़ घंटे तक गानों पर झूमे दर्शक
अजमेर के पुष्कर मेले में पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित बॉलीवुड नाइट में पार्श्व गायक अमित मिश्रा ने शानदार प्रस्तुति दी। उन्होंने बॉलीवुड हिट गानों के साथ राजस्थानी मांड गीत भी गाए। करीब डेढ़ घंटे तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शक झूमते नजर आए। मंच से दर्शकों के बीच पहुंचने और बिहू नृत्य करने के दौरान भी उन्होंने खूब उत्साह दिखाया।

मुख्य बातें
- पुष्कर मेले में अमित मिश्रा का जलवा, बॉलीवुड गानों पर झूमे दर्शक
- मंच से छलांग लगाकर दर्शकों के बीच पहुंचे अमित मिश्रा
- बॉलीवुड के साथ राजस्थानी मांड भी गाया, पुष्कर में छाया अमित मिश्रा का शो
AJMER,23 NOV. 2026:
बॉलीवुड गानों पर देर रात तक झूमे दर्शक
पुष्कर मेले में रविवार को आयोजित बॉलीवुड नाइट में गायक अमित मिश्रा ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया। मंच पर आते ही उन्होंने एक के बाद एक लोकप्रिय गाने सुनाए।करीब डेढ़ घंटे तक चले कार्यक्रम में युवाओं और पर्यटकों ने जमकर डांस किया। कई बार उत्साहित दर्शक मंच के सामने बने डी में पहुंच गए। इस दौरान पुलिस को भी भीड़ नियंत्रित करने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत, पुष्कर नगर परिषद चेयरमैन रोहन बाकोलिया और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
मंच से छलांग लगाकर दर्शकों के बीच पहुंचे अमित मिश्रा
कार्यक्रम के दौरान अमित मिश्रा ने असम के प्रसिद्ध बिहू नृत्य का जिक्र किया। उन्होंने दर्शकों से बिहू के बारे में पूछा और खुद भी इस नृत्य के स्टेप किए।इसी दौरान उन्होंने मंच से छलांग लगाई और कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत के पास पहुंच गए। उन्होंने मंत्री से भी बिहू नृत्य करने का आग्रह किया। हालांकि, मंत्री ने ताली बजाकर कलाकार और दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।इसके बाद अमित मिश्रा गाते हुए दर्शकों के बीच पहुंचे। भीड़ को देखते हुए पुलिस और निजी बाउंसरों ने उन्हें सुरक्षा घेरे में लिया। फिर वे गाते हुए वापस मंच पर लौट आए।
राजस्थानी मांड गीत गाकर दिखाई संस्कृति के प्रति रुचि
राजस्थान की धरती पर प्रस्तुति देते हुए अमित मिश्रा ने यहां की लोक गायकी को भी मंच पर जगह दी। उन्होंने प्रसिद्ध राजस्थानी गीत 'केसरिया बालम आओ नी पधारो म्हारे देस' और 'केसरिया बनडा हो थारी सूरत प्यारी लागे' गाए।उन्होंने राजस्थान के हुनरमंद कलाकारों की प्रशंसा भी की। अमित मिश्रा ने सादगी से कहा कि उन्होंने मांड गायकी को गाने की कोशिश की है। साथ ही उन्होंने अपनी प्रस्तुति में हुई संभावित त्रुटियों को भी स्वीकार किया।
'बुल्लया' और 'गलती से मिस्टेक' जैसे गानों की रही धूम
अमित मिश्रा ने कार्यक्रम में 'बुल्लया', 'गलती से मिस्टेक', 'बचना ए हसीनों' और 'ओ मेरे दिल के चैन' जैसे लोकप्रिय गाने सुनाए। इसके अलावा उन्होंने 'लूंगी डांस' और पंजाबी गीतों की प्रस्तुति भी दी।कार्यक्रम में पुष्कर के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। हर गीत पर युवाओं ने डांस किया और कलाकार का उत्साह बढ़ाया।
बोले- गुरु के बिना गायकी का ज्ञान अधूरा
कार्यक्रम के बाद अमित मिश्रा ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि तीर्थराज पुष्कर की धरती पर आकर उन्हें सौभाग्य महसूस हो रहा है।उन्होंने बताया कि राजस्थान की गायकी ने उन्हें काफी प्रभावित किया है। वे यहां की संगीत परंपरा को सीखने का प्रयास भी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें मामे खान के साथ काम करने का अवसर मिला था।अमित मिश्रा ने कहा कि पुष्कर आने पर उनका प्रयास रहता है कि वे ब्रह्मा मंदिर जरूर जाएं।गायकी में रुचि रखने वाले युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि संगीत सीखने के लिए गुरु का मार्गदर्शन जरूरी है। गायकी को गंभीरता से विषय बनाकर सीखना चाहिए। संगीत में आगे बढ़ने के लिए फोकस और दृढ़ इच्छाशक्ति महत्वपूर्ण हैं।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





