STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकगुरुवार, 19 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

अजमेर: पुष्कर मेले में ऊंटों के नृत्य और गोरबंध सज्जा ने मोहा मन, विदेशी पर्यटकों ने भी लिया खेलों में हिस्सा

अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेला 2026 के दूसरे दिन मेला स्टेडियम में पारंपरिक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। ऊंट नृत्य और गोरबंध सज्जा प्रतियोगिता में पशुपालकों ने अपनी कला दिखाई। वहीं, लंगड़ी टांग, सतोलिया और गिल्ली-डंडा जैसे खेलों में विदेशी पर्यटकों ने भी उत्साह से भाग लिया। सतोलिया और गिल्ली-डंडा में स्थानीय टीमों ने विदेशी प्रतिभागियों को शिकस्त दी।

ऊंटों के नृत्य ने पर्यटकों को किया आकर्षित
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • पुष्कर मेले में ऊंटों का शानदार डांस, विदेशी पर्यटक भी हुए हैरान
  • गोरबंध से सजे ऊंटों ने जीता पर्यटकों का दिल, देखें खास नजारा
  • पुष्कर मेले में विदेशी पर्यटकों ने खेले देसी खेल

AJMER,18 NOV. 2026:

ऊंटों के नृत्य ने पर्यटकों को किया आकर्षित

पुष्कर मेले के दूसरे दिन मेला स्टेडियम में ऊंट नृत्य प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें पांच प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सजे-धजे ऊंटों ने अपने पालकों के साथ शानदार तालमेल दिखाया।प्रतियोगिता प्रभारी डॉ. कुलदीप अग्रवाल के अनुसार, सीकर के बिजेंद्र सिंह ने पहला स्थान हासिल किया। सीकर के मांगीलाल दूसरे और डीडवाना के झाड़ोल निवासी प्रभु सिंह तीसरे स्थान पर रहे।ऊंटों के नृत्य को देखकर भारतीय और विदेशी पर्यटक आकर्षित हुए। राजस्थानी लोक संस्कृति की झलक ने आयोजन को खास बना दिया।

गोरबंध से सजे ऊंटों ने बटोरीं निगाहें

ऊंट सज्जा प्रतियोगिता में छह प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें ऊंटों को पारंपरिक राजस्थानी गोरबंध और अन्य सजावटी वस्तुओं से सजाया गया।पशुपालकों ने ऊंटों के ऊपरी हिस्से से लेकर घुटनों तक आकर्षक सजावट की। इस तैयारी में करीब चार से पांच घंटे का समय लगा।डॉ. कुलदीप अग्रवाल ने बताया कि पुष्कर के गनाहेड़ा क्षेत्र के अशोक सिंह ने पहला स्थान प्राप्त किया। सीकर के बिजेंद्र सिंह दूसरे और गुमान सिंह तीसरे स्थान पर रहे।

लंगड़ी टांग में विदेशी महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा

मेले में पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ। लंगड़ी टांग दौड़ में कुल 10 महिलाओं ने भाग लिया। इनमें पांच विदेशी और पांच भारतीय प्रतिभागी शामिल थीं।प्रतियोगिता में अर्जेंटीना की माया पहले स्थान पर रहीं। जर्मनी की लीजा ने दूसरा और इजरायल की अल्मग रिटल ने तीसरा स्थान हासिल किया।इस प्रतियोगिता में विदेशी पर्यटकों की भागीदारी ने मेले के सांस्कृतिक रंग को और खास बना दिया।

सतोलिया और गिल्ली-डंडा में स्थानीय टीमों की जीत

सतोलिया प्रतियोगिता में भारतीय और विदेशी प्रतिभागियों की दो टीमें बनाई गईं। दोनों टीमों में सात-सात खिलाड़ी शामिल थे। मुकाबले में स्थानीय टीम ने विदेशी टीम को 2-1 से हराया।विदेशी पर्यटकों के लिए यह खेल नया था। इसके बावजूद उन्होंने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।वहीं, गिल्ली-डंडा प्रतियोगिता में दोनों टीमों के छह-छह खिलाड़ियों ने मुकाबला किया। इसमें स्थानीय टीम ने 60-23 के अंतर से जीत दर्ज की।

आस्था, पशुपालन और लोक संस्कृति का संगम बना पुष्कर मेला

पुष्कर मेले में एक ओर पवित्र सरोवर के घाटों और ब्रह्मा मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है। दूसरी ओर मेला क्षेत्र में पशुओं की मंडी और सांस्कृतिक गतिविधियां पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं।पर्यटन और पशुपालन विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिताएं मेले का प्रमुख आकर्षण बनी हुई हैं। इनके जरिए राजस्थान की पारंपरिक खेल संस्कृति और पशुपालन से जुड़ी विरासत को प्रदर्शित किया जा रहा है।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।