STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकशुक्रवार, 20 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

अजमेर में चाय की दुकान पर नशे का कारोबार, ग्राहकों को डोडा चूरा मिली चाय पिलाने का खुलासा

अजमेर में चाय की दुकान की आड़ में मादक पदार्थ बेचने का मामला सामने आया है। किशनगढ़-जयपुर हाईवे पर नसीराबाद पुलिया के पास पुलिस ने एक टी-स्टॉल पर छापा मारा। तलाशी के दौरान काउंटर के पीछे छिपाकर रखा गया 10.588 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने दुकान संचालक को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने ग्राहकों को डोडा चूरा मिली चाय पिलाने की बात बताई। पुलिस अब मादक पदार्थ की सप्लाई और अन्य संभावित आरोपियों की जानकारी जुटा रही है।

डोडा चूरा मिलाकर ग्राहकों को पिलाता था चाय
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • अजमेर में चाय की दुकान से मिला 10 किलो से ज्यादा डोडा चूरा
  • ग्राहकों को पिलाता था नशे वाली चाय, पुलिस ने किया गिरफ्तार
  • चाय की दुकान के काउंटर के पीछे छिपा था नशे का सामान

AJMER,19 NOV. 2026:

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

सीआई नरपताराम बाना के अनुसार, पुलिस को टी-स्टॉल पर मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त की सूचना मिली थी। यह दुकान किशनगढ़ से जयपुर जाने वाले हाईवे पर नसीराबाद पुलिया के पास स्थित है।सूचना की पुष्टि के बाद जिला स्पेशल टीम और किशनगढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने दुकान पर पहुंचकर तलाशी ली। इस दौरान काउंटर के पीछे एक काला कट्टा मिला। उसमें भूरे रंग का मादक पदार्थ भरा हुआ था।जांच में पदार्थ डोडा चूरा पाया गया। तौल करने पर उसका वजन 10.588 किलोग्राम निकला। पुलिस ने इसे जब्त कर दुकान संचालक को गिरफ्तार कर लिया।

डोडा चूरा मिलाकर ग्राहकों को पिलाता था चाय

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह डोडा चूरा की कुछ मात्रा चाय में मिलाता था। इसके बाद दुकान पर आने वाले ग्राहकों को यह चाय पिलाता था। आरोपी के अनुसार, इस तरीके से ग्राहक आकर्षित होते थे और उसे मुनाफा होता था।हालांकि, पुलिस अब इस खुलासे की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी डोडा चूरा कहां से खरीदकर लाता था। कारोबार में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

किशनलाल गुर्जर गिरफ्तार, NDPS एक्ट में मामला दर्ज

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान किशनलाल गुर्जर (33) के रूप में की है। वह मदनगंज थाना क्षेत्र के नया गांव का निवासी है। किशनगढ़ थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।पुलिस मादक पदार्थ की सप्लाई के स्रोत और संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ जांच जारी है।

डीएसटी और किशनगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण लालचंद कायल और किशनगढ़ शहर वृत्ताधिकारी धर्मराज के सुपरविजन में हुई। जिला स्पेशल टीम प्रभारी शंकर सिंह रावत और थाना अधिकारी नरपताराम बाना ने टीम का नेतृत्व किया।कार्रवाई में शंकर सिंह रावत, महिपाल सिंह, राजेश बिजारणिया, रामनिवास, मुकेश टांडी, जितेंद्र, कालूराम गुर्जर, गजेंद्र मीणा, ईश्वर, गफ्फार खान, सुशील और मनीष कुमार शामिल रहे।

पुलिस का पक्ष

NDPS एक्ट में मामला दर्ज

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।