अजमेर में भाजपा की दिग्गज नेता सुशील कंवर पलाड़ा चुनाव हारीं, दो बार रह चुकी हैं जिला प्रमुख
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 में अजमेर जिले से बड़ा सियासी उलटफेर सामने आया है। मसूदा की पूर्व विधायक और दो बार जिला प्रमुख रह चुकीं भाजपा प्रत्याशी सुशील कंवर पलाड़ा को हार का सामना करना पड़ा। वह जिला परिषद के वार्ड नंबर 2 से चुनाव मैदान में थीं। उनकी हार को अजमेर की स्थानीय राजनीति में बड़ा झटका माना जा रहा है। इस नतीजे से जिला परिषद के बोर्ड गठन को लेकर भी नए राजनीतिक समीकरण बन सकते हैं।

मुख्य बातें
- दो बार जिला प्रमुख रहीं सुशील पलाड़ा पंचायत चुनाव में हारीं
- भाजपा में वापसी के बाद भी सुशील पलाड़ा को मिली हार
- विधायक और जिला प्रमुख रह चुकीं नेता को वार्ड चुनाव में झटका
AJMER,20 NOV. 2026:
भाजपा में वापसी के बाद मिला था टिकट
सुशील कंवर पलाड़ा ने वर्ष 2020 के जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा से बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। उन्होंने कांग्रेस के समर्थन से जिला प्रमुख का चुनाव जीता था। इसके बाद भाजपा ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था।अक्टूबर 2026 में उनकी भाजपा में वापसी हुई। पार्टी ने उनके राजनीतिक अनुभव को देखते हुए अजमेर जिला परिषद के वार्ड नंबर 2 से टिकट दिया। हालांकि, चुनाव परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहा। विधानसभा और जिला प्रमुख जैसे पदों पर रह चुकीं पलाड़ा को वार्ड स्तर के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।
विधायक और दो बार जिला प्रमुख रह चुकी हैं पलाड़ा
सुशील कंवर पलाड़ा का राजनीतिक सफर कई महत्वपूर्ण उपलब्धियों से जुड़ा रहा है।
- 2005: भाजपा की सदस्यता लेकर सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया।
- 2010–2014: पहली बार अजमेर जिला परिषद की जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं।
- 2013: भाजपा के टिकट पर मसूदा विधानसभा सीट से चुनाव जीता। उन्होंने 33,052 वोट हासिल किए और ब्रह्मदेव कुमावत को 4,762 मतों से हराया।
- 2020: भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ा। कांग्रेस के समर्थन से 23 मत हासिल कर जिला प्रमुख बनीं। भाजपा प्रत्याशी महेंद्र सिंह को 9 मत मिले।
- 2026: अक्टूबर में भाजपा में वापसी के बाद जिला परिषद के वार्ड नंबर 2 से चुनाव लड़ा, लेकिन हार गईं।
शिक्षा और व्यवसाय से भी जुड़ा है परिवार
सुशील कंवर पलाड़ा का जन्म 15 नवंबर 1974 को सीकर जिले के नीम का थाना क्षेत्र के नरसिंहपुरी गांव में हुआ था। उन्होंने जयपुर के ज्योति विद्यापीठ महिला विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है।राजनीति के अलावा वह पुष्कर के होटल व्यवसाय से भी जुड़ी रही हैं। वह होटल भंवर सिंह पैलेस की निदेशक बताई गई हैं। इसके साथ ही शैक्षणिक और सामाजिक संस्थाओं में भी उनकी सक्रियता रही है।
जिला परिषद के कार्यकाल में मिली थी राष्ट्रीय पहचान
सुशील कंवर पलाड़ा के पहले जिला प्रमुख कार्यकाल के दौरान अजमेर जिला परिषद को पंचायती राज सशक्तीकरण के लिए राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार मिला था। इसके साथ ही 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्राप्त हुई थी।उन्होंने जिला परिषद की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए 'जिला परिषद आपके द्वार' अभियान भी चलाया था। सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी भी रही है। वह 2008 से अजमेर क्षत्रिय महासभा की अध्यक्ष और अनाथ आश्रम 'अपना घर' की संरक्षक के रूप में सक्रिय बताई गई हैं।
हार से अजमेर की राजनीति में बदले समीकरण
सुशील कंवर पलाड़ा की हार ने अजमेर जिला परिषद चुनाव को चर्चा में ला दिया है। उनके राजनीतिक अनुभव और पूर्व पदों को देखते हुए इस सीट पर सबकी नजर थी। अब जिला परिषद में बोर्ड गठन और जिला प्रमुख पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की रणनीति महत्वपूर्ण होगी।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





