#क्राइम #राज्य-शहर

अलवर जिला अस्पताल में आवारा कुत्तों पर कार्रवाई, 7 कुत्ते पकड़े; कलेक्टर के निर्देश पर चला अभियान

अलवर जिला अस्पताल परिसर में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर प्रशासन हरकत में आ गया है। कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देश के बाद नगर निगम की टीम ने सोमवार को विशेष अभियान चलाकर कुत्तों को पकड़ना शुरू किया।

अभियान के तहत टीम ने अस्पताल परिसर और अंदर की गैलरियों में घूम रहे कुत्तों को घेरकर पकड़ा गया। सुबह के दौरान तीन कुत्तों को पकड़ा गया, जबकि दोपहर बाद चार और कुत्तों का रेस्क्यू किया गया। इस तरह अब तक कुल 7 कुत्तों को अस्पताल परिसर से हटाया जा चुका है।

इसके बाद निगम की टीम जनाना एवं शिशु अस्पताल भी पहुंची, जहां जाल बिछाकर कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई की गई। पकड़े गए कुत्तों को निर्धारित स्थान पर छोड़ा जाएगा।

नगर निगम कर्मचारी धर्मसिंह गुर्जर ने बताया कि यह अभियान कलेक्टर के निर्देश पर चलाया जा रहा है। अस्पताल परिसर में कुत्तों के वार्डों तक पहुंचने से मरीजों और उनके परिजनों के लिए खतरा बना हुआ था।

दरअसल, सोमवार सुबह कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने जिला अस्पताल, जनाना और शिशु अस्पताल का निरीक्षण किया था। इस दौरान मरीजों के परिजनों ने वार्डों में कुत्तों के घूमने और शराबियों के घुसने की शिकायत की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद निगम टीम ने मौके पर पहुंचकर अभियान शुरू किया।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *