अलवर में प्रमोशन प्रक्रिया की समीक्षा, IG राहुल प्रकाश ने परखी पुलिसकर्मियों की दक्षता
अलवर। अलवर और खैरथल-तिजारा जिले के हेड कॉन्स्टेबल से एएसआई पद पर प्रमोशन प्रक्रिया के तहत आयोजित आउटडोर और इंडोर परीक्षाओं की समीक्षा करने के लिए जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश सोमवार को अलवर पहुंचे। पुलिस लाइन में आयोजित इस प्रक्रिया के दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता और कार्यकुशलता का निरीक्षण किया।
इस मौके पर पीटीएस के रिक्रूट ट्रेनिंग का फाइनल एग्जाम भी सम्पन्न कराया गया। साथ ही अलवर और भिवाड़ी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक प्राथमिकताओं को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में अलवर व भिवाड़ी के एसपी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि आगामी दिनों में प्रस्तावित मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर एसपी सुधीर चौधरी के साथ तैयारियों पर चर्चा की गई है। उन्होंने हाल ही में गोविंदगढ़ थाना पर हुए हमले के मामले में पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की जानकारी दी।
आईजी ने बताया कि आरोपियों के गांव के बुजुर्गों को भी समझाइश दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इसके अलावा मेवात और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रही है।
बाइट: राहुल प्रकाश, रेंज आईजी