#राज्य-शहर #हेल्थ न्यूज़

अलवर जिला अस्पताल का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी, दिए सख्त निर्देश

अलवर जिला मुख्यालय पर सोमवार सुबह जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर समस्याओं को सुना तथा अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाएं सुधारने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गर्मी के मद्देनजर मरीजों से कूलर, पंखे और एसी की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। साथ ही भोजन और पेयजल की गुणवत्ता को लेकर भी मरीजों से फीडबैक लिया।

इस दौरान कई मरीजों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए। कुछ ने अस्पताल परिसर में घूम रहे आवारा कुत्तों की शिकायत की, तो कुछ ने बाथरूम की साफ-सफाई को लेकर नाराजगी जताई। इस पर कलेक्टर ने पीएमओ को तुरंत व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए और नगर निगम आयुक्त को अस्पताल परिसर से आवारा कुत्तों को तुरंत हटाने के आदेश दिए।

कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल में बन रहे 100 बेड के नए वार्ड का भी जायजा लिया और निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। आरएसआरडीसी अधिकारियों ने जून माह के अंत तक कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा उन्होंने शिशु वार्ड में बन रहे सीसीयू का निरीक्षण किया और अस्पताल के पीछे चल रहे निर्माण कार्य के दौरान फैली गंदगी पर स्टाफ को फटकार लगाई।

कलेक्टर आर्तिका शुक्ला ने बताया कि अस्पताल में फैली अव्यवस्थाओं और गंदगी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही अस्पताल स्थित पुलिस चौकी में स्टाफ की कमी की जानकारी मिलने पर एसपी से बात कर वहां पुलिस बल बढ़ाने का भी आश्वासन दिया गया।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *