#क्राइम #राज्य-शहर

जमीन विवाद में महिला पर जानलेवा हमला, घर में घुसकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से पीटा, हालत गंभीर


खैरथल-तिजारा जिले के चौपानकी थाना क्षेत्र के झीवाना गांव में जमीन विवाद को लेकर एक महिला पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि परिवार के ही कुछ लोगों ने घर में घुसकर 30 वर्षीय विवाहित महिला रुखसाना के साथ बेरहमी से मारपीट की।

हमले में रुखसाना गंभीर रूप से घायल हो गईं और बेहोश हो गईं। उन्हें पहले भिवाड़ी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है और वे अब भी बेहोशी की हालत में हैं। डॉक्टरों के अनुसार महिला के सिर और पेट में गंभीर चोटें आई हैं।

पीड़ित रईस पुत्र अहमद खान ने बताया कि घटना के समय उनकी पत्नी घर पर अकेली थीं। इसी दौरान उनके बड़े भाई कय्यूम, उनकी पत्नी आयशा, बेटा शोयब, बेटी नसरीन सहित 7-8 अन्य लोग घर में घुस आए और रुखसाना को घेरकर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

रईस का आरोप है कि जब वह अपने भाई तौफीक के साथ पत्नी को बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी एक कमरे में बंद कर मारपीट की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके पिता अहमद खान को भी बड़े भाई ने जबरन कमरे में बंद कर रखा है।

बताया जा रहा है कि परिवार में 9 बीघा जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। पिता तीनों बेटों—रईस, तौफीक और कय्यूम—को बराबर हिस्सेदारी देना चाहते हैं, लेकिन कय्यूम पूरे 9 बीघा जमीन अपने नाम करवाना चाहता है।

घटना के समय रईस अपनी पत्नी को पिता के पास छोड़कर किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।

रुखसाना हरियाणा के खोहरी कला की रहने वाली हैं और एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं।

मामले में चौपानकी पुलिस ने घायल महिला के इलाज को प्राथमिकता देते हुए पहले उपचार कराने की सलाह दी है और लिखित रिपोर्ट देने को कहा है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मामला दर्ज करने की मांग की है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *