जयपुर में CA के अपहरण की कोशिश, चलती कार का गेट खोलकर मांगी मदद; नाले में गिरी मर्सिडीज
जयपुर के अशोक नगर थाना क्षेत्र में चार्टर्ड अकाउंटेंट के अपहरण की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 50 वर्षीय सीए राजीव गुप्ता के मुताबिक, सेंट्रल पार्क की पार्किंग में दो बदमाश हथियारों के साथ उनकी मर्सिडीज कार में घुस गए। आरोपियों ने उन्हें जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की। गुप्ता ने विरोध करते हुए चलती कार का गेट खोलकर मदद के लिए शोर मचाया। इसी दौरान कार चला रहे आरोपी का नियंत्रण बिगड़ गया और मर्सिडीज एक बाइक से टकराकर सड़क किनारे नाले में जा गिरी। हादसे के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेंट्रल पार्क की पार्किंग में कार में घुसे बदमाश
राजीव गुप्ता के अनुसार, वह रोज सुबह करीब 6:30 बजे सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए जाते हैं। गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे वह पार्क के गेट नंबर-4 से बाहर निकले।
पार्किंग में अपनी मर्सिडीज के पास पहुंचकर जैसे ही उन्होंने कार का गेट खोला, एक युवक पिस्टल लेकर पीछे की सीट पर बैठ गया। इसके तुरंत बाद दूसरे युवक ने उन्हें ड्राइविंग सीट से नीचे धक्का देने की कोशिश की।
पिस्टल और चाकू दिखाकर आमेर की तरफ ले गए
पीड़ित के मुताबिक, दूसरे बदमाश ने चाकू दिखाते हुए ड्राइविंग सीट संभाल ली। इसके बाद दोनों आरोपी उन्हें कार में लेकर आमेर की तरफ निकल गए।
गुप्ता ने पुलिस को बताया कि रास्ते में दोनों आरोपी उन्हें हथियार दिखाकर धमकाते रहे। पीछे बैठा आरोपी लगातार पिस्टल ताने हुए था। पीड़ित के अनुसार दोनों आरोपियों की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच थी।
चलती कार का गेट खोलकर मदद के लिए चिल्लाए
गुप्ता के मुताबिक, बदमाश कार को शहर से होते हुए दिल्ली रोड की तरफ ले गए। करीब 15 किलोमीटर दूर पीली की तलाई इलाके के पास उन्होंने जोखिम उठाते हुए चलती कार का गेट खोल दिया।
उन्होंने अपना पैर कार से बाहर निकाला और मदद के लिए चिल्लाने लगे। इसी दौरान कार चला रहे आरोपी का ध्यान भटक गया। तेज रफ्तार मर्सिडीज आगे चल रही बाइक से टकरा गई।
बाइक से टकराई मर्सिडीज, नाले में पलटी
बाइक से टक्कर के बाद मर्सिडीज अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित नाले में जा गिरी। हादसे के बाद दोनों आरोपी कार से बाहर निकले और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस को भी अलर्ट किया गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए नाकाबंदी कराई।
पुलिस को रेकी की भी आशंका
जांच के दौरान पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने राजीव गुप्ता की पहले से रेकी की हो सकती है। गुप्ता के रोजाना सेंट्रल पार्क आने और करीब 7:30 बजे लौटने के समय की जानकारी आरोपियों को होने की संभावना की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, वारदात गेट नंबर-4 के पास हुई। पीड़ित के अनुसार इस इलाके में लगे कुछ CCTV कैमरे लंबे समय से खराब बताए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के दूसरे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पहले आमेर पुलिस पहुंची, फिर अशोक नगर में दर्ज हुई FIR
कार के नाले में गिरने की सूचना मिलने के बाद आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसी दौरान राजीव गुप्ता ने उन्हें अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने आसपास नाकाबंदी कराई। जांच में घटनास्थल अशोक नगर थाना क्षेत्र में आने की जानकारी सामने आई। इसके बाद राजीव गुप्ता ने अशोक नगर थाने में अपहरण की कोशिश की एफआईआर दर्ज कराई।
CCTV और हुलिए से आरोपियों की तलाश
डीसीपी साउथ राजर्षि राज वर्मा ने मामले में स्पेशल टीम गठित की है। अशोक नगर पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों आरोपी कहां से आए थे और घटना के बाद किस रास्ते से फरार हुए। इसके अलावा पीड़ित द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस जांच के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर
फिलहाल पुलिस अपहरण की कोशिश के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान का पता लगाने में जुटी है। रेकी, वारदात की योजना और भागने के रास्ते समेत कई पहलुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस को उम्मीद है कि CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। मामले में आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।