#क्राइम #राज्य-शहर

अलवर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय साइबर ठग गिरफ्तार, ब्रेजा कार सहित सामान जब्त

अलवर पुलिस ने ‘साइबर संग्राम अभियान’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया के जरिए लोगों को मेडिकल इमरजेंसी और सस्ते लेडीज सूट बेचने का झांसा देकर देश के कई राज्यों में ठगी कर रहा था।

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि नौगांवा थाना पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रणवीर बास निवासी शौकीन को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, सिम कार्ड, चार मोबाइल बिल और साइबर ठगी की रकम से खरीदी गई सफेद रंग की मारुति ब्रेजा कार जब्त की गई है।

जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को कपड़ा फैक्ट्री का मालिक बताकर सोशल मीडिया पर सस्ते दामों में लेडीज सूट के विज्ञापन डालता था। इसके अलावा वह मेडिकल इमरजेंसी का बहाना बनाकर लोगों से तुरंत ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवाता था।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने जम्मू-कश्मीर, पंजाब, मध्यप्रदेश और राजस्थान के कई लोगों को अपना शिकार बनाया। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी पंजाब के साइबर थाना और अलवर के मालाखेड़ा थाना में दर्ज मामलों में गिरफ्तार हो चुका है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी फर्जी सिम और म्यूल खाते उपलब्ध कराने का काम करता था और अपने साथियों के साथ संगठित गिरोह बनाकर साइबर अपराधों को अंजाम देता था। मामले में संगठित अपराध की धारा 112 सहित विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क व ठगी की रकम को लेकर गहन जांच जारी है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *