#एजुकेशन #राज्य-शहर

अलवर में छात्रसंघ चुनाव की मांग तेज, NSUI की भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी

अलवर के बाबू शोभाराम राजकीय कला महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर छात्रसंघ चुनाव बहाल करने और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एनएसयूआई का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। मंगलवार को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल दूसरे दिन में प्रवेश कर गई, जिसे 36 घंटे से अधिक समय बीत चुका है।

एनएसयूआई राजस्थान के प्रदेश महासचिव विनोद जाटव के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन में शामिल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इतने लंबे समय के बावजूद अब तक प्रशासन का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी वार्ता के लिए धरना स्थल पर नहीं पहुंचा है। इससे छात्रों में नाराजगी और बढ़ गई है।

आंदोलन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने छात्रसंघ चुनाव जल्द कराने और छात्र हितों की अनदेखी बंद करने की मांग दोहराई।

भूख हड़ताल पर बैठे नेताओं का कहना है कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक है, जो केवल छात्र हितों के लिए समर्पित है। उनका मानना है कि छात्रसंघ चुनाव लोकतंत्र की पहली पाठशाला हैं, और लंबे समय से चुनाव नहीं होने से विद्यार्थियों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।

इस भूख हड़ताल में प्रदेश महासचिव विनोद जाटव, प्रदेश सचिव अंकित गुर्जर, इरफान कजोता, अभिषेक यादव और अजय चौधरी शामिल हैं। वहीं, हार्दिक वर्मा, दीपक वर्मा, करण वर्मा, शौकीन खान और आदिल खान सहित कई छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं का भी आंदोलन को समर्थन मिल रहा है।

आंदोलनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस और सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक यह अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने छात्रों, पूर्व छात्रों और सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में धरना स्थल पर पहुंचकर समर्थन देने की अपील की है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *