#क्राइम #राज्य-शहर

सोशल मीडिया जाल में फंसाकर गुजरात के व्यापारी का अपहरण-लूट के आरोपी को किया गिरफ्तार …

अलवर पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए गुजरात के एक व्यापारी को जाल में फंसाकर उसका अपहरण और लूट करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। अरावली विहार थाना पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त कर ली गई है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. दीपक कुमार (RPS) और कार्यवाहक उप पुलिस अधीक्षक दिलीप मीना (RPS) के निर्देशन में एक टीम का गठन किया गया था।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से गुजरात के एक व्यापारी से संपर्क साधा और उसे सस्ते दाम में सामान दिलाने का लालच देकर अलवर बुलाया। इसके बाद आरोपी उसे एक्सप्रेस-वे की ओर ले गए, जहां उसके साथ मारपीट कर डराया-धमकाया गया और नकदी लूटने के साथ-साथ फर्जी खातों में पैसे ट्रांसफर करवा लिए।

मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने शहर और आसपास के इलाकों के 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल कार की पहचान हुई। वाहन मालिक से पूछताछ में पता चला कि कार किराए पर ली गई थी। इसी सुराग के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने इसी तरह की अन्य वारदातों को अंजाम देना भी कबूल किया है। पुलिस के अनुसार यह एक संगठित गिरोह है, जो सोशल मीडिया के जरिए व्यापारियों को निशाना बनाकर लूट की घटनाएं करता था। फिलहाल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *