अलवर में दर्दनाक हादसा: फैक्ट्री परिसर में सो रहे 4 वर्षीय मासूम पर चढ़ी बाइक, अस्पताल में मौत
राजस्थान के अलवर शहर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय मासूम की जान चली गई। उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री परिसर में खेलते-खेलते सोए बच्चे के ऊपर अनजाने में बाइक चढ़ गई। गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
चादर ओढ़कर सोया था मासूम, बाइक चालक नहीं देख पाया
पुलिस के अनुसार, हादसा उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित कामधेनू मिनरल्स फैक्ट्री परिसर में हुआ। चार वर्षीय मनजीत सुबह खेलते-खेलते थक गया और परिसर में ही एक सफेद चादर ओढ़कर जमीन पर लेट गया। इसी दौरान फैक्ट्री में दूध की सप्लाई देने के लिए बाइक सवार वहां पहुंचा। चादर से ढके होने के कारण चालक को जमीन पर बच्चा दिखाई नहीं दिया और मोटरसाइकिल उसके ऊपर से गुजर गई। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के तुरंत बाद बच्चे की चीख सुनकर उसकी मां और आसपास मौजूद लोग दौड़कर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल मनजीत को पहले ईएसआई अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे अलवर के जिला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से फैक्ट्री परिसर और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
ये भी पढ़ें – अलवर में 95 लाख का नाला तीन बार ढहा, घटिया निर्माण पर बवाल
बिहार गया था पिता, पीछे से आई बेटे की मौत की खबर
मृतक मनजीत के पिता मिथिलेश चौहान मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के निवासी हैं। वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ फैक्ट्री परिसर में रहकर मजदूरी करते हैं। परिजनों के अनुसार, मिथिलेश किसी आवश्यक कार्य से एक दिन पहले अपने गांव बिहार गए हुए थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। इकलौते बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद मां की हालत बेहद खराब बताई जा रही है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
सूचना मिलने पर उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही बाइक चालक से भी पूछताछ की जाएगी ताकि घटना के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह हादसा बच्चे के चादर ओढ़कर जमीन पर लेटे होने के कारण हुआ, हालांकि पुलिस सभी तथ्यों की जांच के बाद ही अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचेगी।
फैक्ट्री परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद औद्योगिक परिसरों में रहने वाले मजदूर परिवारों और उनके बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे परिसरों में वाहन संचालन के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने और बच्चों की सुरक्षा के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश होने चाहिए। लोगों ने मांग की है कि फैक्ट्री प्रबंधन और संबंधित विभाग भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करें।