पहली ही बारिश में रामगढ़ जलमग्न: बाजार-गलियां बनी तालाब, निकासी व्यवस्था पर उठे सवाल
अलवर जिले के रामगढ़ कस्बे में हुई झमाझम बारिश ने नगर पालिका के विकास कार्यों की पोल खोल दी। पहली ही अच्छी बारिश में मुख्य बाजार समेत कई प्रमुख गलियां पानी से लबालब भर गईं। मंगलवार सुबह जब दुकानदार दुकानें खोलने पहुंचे तो घुटनों तक भरे पानी को देखकर कई लोग वापस लौट गए। जलभराव के कारण व्यापार पूरी तरह प्रभावित हुआ और दुकानदारों की चिंता बढ़ गई।
कस्बे की मिडिल स्कूल वाली गली, मस्जिद के पीछे की गली और पुरानी पंचायत समिति के पास मुख्य बाजार को जोड़ने वाले रास्ते तालाब जैसे नजर आए। हैरानी की बात यह रही कि बारिश रुकने के करीब पांच घंटे बाद भी पानी की निकासी नहीं हो सकी।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बरसात की शुरुआत में ही ऐसे हालात नगर पालिका की तैयारियों पर सवाल खड़े करते हैं। मस्जिद वाली गली के दुकानदार योगेश जैन के अनुसार, बड़े नालों की लंबे समय से सफाई नहीं हुई है और कई जगह अतिक्रमण के कारण पानी का बहाव रुक रहा है। पहले बाजार का पानी नालों के जरिए खेड़ी रोड की ओर निकल जाता था, लेकिन व्यवस्था में बदलाव के बाद समस्या और गंभीर हो गई है।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार के पानी को हाईवे रोड स्थित सीवर लाइन से जोड़ा गया, लेकिन सीवर लाइन ऊंचाई पर होने के कारण पानी उसमें नहीं जा पा रहा। इसके चलते बरसात का पानी गलियों और बाजार में जमा हो रहा है।
व्यापारियों और कस्बेवासियों ने नगर पालिका से जल्द स्थायी जल निकासी व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो मानसून में हालात और बिगड़ सकते हैं। उधर, पालिका अधिकारियों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।