#पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

अलवर वार्ड 35 में जल संकट गहराया, महिलाओं ने खाली बर्तन लेकर किया विरोध प्रदर्शन

अलवर शहर के वार्ड नंबर 35 में लंबे समय से बनी हुई पानी की समस्या को लेकर मंगलवार को स्थानीय महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं ने हाथों में खाली बर्तन लेकर विरोध प्रदर्शन किया और जलदाय विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपनी नाराजगी जताई। स्थानीय महिला कमलेश सैनी ने बताया कि वार्ड में पिछले काफी समय से पानी की गंभीर किल्लत बनी हुई है। हालात यह हैं कि महिलाओं को दूर-दराज के क्षेत्रों से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में यह समस्या और भी विकराल हो गई है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि घरों में पानी नहीं आने के कारण बच्चों को बिना नहलाए ही स्कूल भेजना पड़ रहा है, वहीं दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। पूरे वार्ड की करीब 6 हजार की आबादी के लिए मात्र दो बोरिंग हैं, जिनमें से एक खराब पड़ी है। चालू बोरिंग पर पानी भरने के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ जाती है, जिससे कई बार विवाद और झगड़े की स्थिति भी बन जाती है।

महिलाओं का आरोप है कि जलदाय विभाग को कई बार शिकायत देने के बावजूद खराब बोरिंग को अब तक ठीक नहीं किया गया है। वार्ड में लगे नलों में भी तीसरे दिन सीमित समय के लिए ही पानी आता है, जिससे नियमित जल आपूर्ति नहीं हो पा रही है।

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *