Viral Video: जनरल बोगी में गूंजे ‘लग जा गले’ के सुर, लड़की की आवाज़ ने यात्रियों को कर दिया मंत्रमुग्धट्रेन के सफर में मिला सुरीला तोहफा

सोशल मीडिया के दौर में टैलेंट अब किसी मंच का मोहताज नहीं रहा। कभी बस स्टॉप तो कभी ट्रेन, लोग हर जगह अपनी कला का प्रदर्शन करते नजर आते हैं। इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक लड़की ट्रेन की जनरल बोगी में बैठकर अपनी मधुर आवाज़ से यात्रियों का दिल जीत लेती है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि लड़की ट्रेन की जनरल बोगी की ऊपर वाली सीट पर अपनी दोस्त के साथ बैठी हुई है। उसके हाथ में एक माइक है, लेकिन किसी तरह का म्यूजिक सिस्टम मौजूद नहीं है। इसके बावजूद उसकी आवाज़ में इतना दम है कि ट्रेन की रफ्तार और पटरी की आवाज़ के बीच भी उसका गाना साफ सुनाई देता है।
‘लग जा गले’ ने बांधा समां
जैसे ही लड़की सुर छेड़ती है, पहले तो आसपास बैठे यात्री चौंक जाते हैं, लेकिन कुछ ही पलों में पूरा डिब्बा खामोश होकर उसकी गायकी में खो जाता है। उसने लता मंगेशकर का मशहूर गीत ‘लग जा गले’ गाया, जिसे सुनकर कई यात्रियों के चेहरे पर मुस्कान नजर आई और माहौल भावनात्मक हो गया।
इंस्टाग्राम पर लाखों लोगों तक पहुंचा वीडियो
इस सिंगिंग वीडियो को इंस्टाग्राम पर ranjinisings नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। खबर लिखे जाने तक वीडियो को 3 लाख 30 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है, वहीं 12 हजार से अधिक लाइक्स भी मिल चुके हैं। वीडियो पर लगातार यूजर्स की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
View this post on Instagram
यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
वीडियो देखने के बाद कई लोगों ने लड़की की तारीफ की और उसके टैलेंट की सराहना की। एक यूजर ने लिखा, “मुझे तुम पर बहुत गर्व है, काश मैं इस पल का गवाह बन पाता।” वहीं कुछ लोगों ने सार्वजनिक स्थान पर गाने को लेकर अलग राय भी रखी। एक यूजर ने टिप्पणी की, “हर किसी को पब्लिक प्लेस पर म्यूजिक पसंद हो, यह जरूरी नहीं। गाना तभी चाहिए जब लोग चाहें।”
सोशल मीडिया पर टैलेंट को मिल रहा मंच
यह वीडियो एक बार फिर साबित करता है कि सोशल मीडिया आज के समय में नए कलाकारों के लिए बड़ा मंच बन चुका है। सही मौके और आत्मविश्वास के साथ किया गया प्रदर्शन लोगों के दिलों तक सीधा पहुंच जाता है।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





