मीन महोत्सव समापन में पहुंचे केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, राजगढ़ में केन्द्रीय विद्यालय व बड़े अस्पताल का दिया आश्वासन
अलवर जिले के राजगढ़ उपखण्ड क्षेत्र के भजेडा स्थित मीन भगवान मंदिर में आयोजित दो दिवसीय 16वें मीन महोत्सव के समापन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने शिरकत की। इस दौरान समाज के गणमान्य लोगों ने माला और साफा पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपा। इस पर उन्होंने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
अपने संबोधन में भूपेंद्र यादव ने कहा कि वे अलवर से सांसद बनने के बाद 36 बिरादरी के प्रतिनिधि हैं और सभी वर्गों के लिए समान रूप से कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने राजगढ़ क्षेत्र में खेल अकादमी और केंद्रीय विद्यालय खोलने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय के लिए तीन स्थानों पर भूमि तलाशने का प्रयास किया गया, लेकिन उपयुक्त जमीन उपलब्ध नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि यदि मानकों के अनुरूप सरकारी भूमि उपलब्ध कराई जाती है, तो न केवल केंद्रीय विद्यालय बल्कि आवश्यकता पड़ने पर विश्वविद्यालय भी स्थापित कराया जा सकता है।
इसके साथ ही उन्होंने राजगढ़ के चिकित्सालय को क्रमोन्नत कर बड़े अस्पताल के रूप में विकसित करने की बात कही। वहीं, अलवर के भूगोर बाईपास का नाम कप्तान छुट्टन लाल के नाम पर रखने की मांग पर उन्होंने पीडब्ल्यूडी से चर्चा कर आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में समाज के गणमान्य लोगों के साथ भाजपा के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।