#क्राइम #राज्य-शहर

सस्ते स्क्रैप का झांसा देकर व्यापारी से लूट, अलवर में अपहरण कर जंगल में मारपीट

अलवर में सस्ते दाम पर प्लास्टिक स्क्रैप बेचने का झांसा देकर बदमाशों ने गुजरात के एक व्यापारी को बुलाकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने व्यापारी को स्टेशन से कार में बैठाकर रामगढ़ क्षेत्र की बेरा-बास घाटी में ले जाकर मारपीट की और 50 हजार रुपये नकद, मोबाइल व लैपटॉप लूट लिया। हालांकि व्यापारी बदमाशों के चंगुल से भागने में सफल रहा।

पीड़ित विनेश कुमार गुप्ता (निवासी कलोल, गांधीनगर, गुजरात) स्क्रैप कारोबारी हैं। उन्हें कुछ दिन पहले एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर खुद को अलवर निवासी बताते हुए सस्ते प्लास्टिक स्क्रैप का सौदा करने का लालच दिया। भरोसा दिलाने के लिए व्हाट्सएप पर ‘बालाजी प्लास्टिक स्क्रैप’ नाम से विजिटिंग कार्ड भी भेजा गया, जिस पर उदय सिंह का नाम दर्ज था।

सौदे के झांसे में आकर विनेश 1 अगस्त को गुजरात से ट्रेन से रवाना होकर 2 अगस्त सुबह अलवर पहुंचे। स्टेशन के गेट नंबर-2 (मंडी मोड़) से बाहर निकलते ही दो युवक उन्हें कार में बैठाकर गोदाम दिखाने के बहाने ले गए। रास्ते में दो अन्य बदमाश भी कार में सवार हो गए और चारों आरोपी व्यापारी को 20-25 किलोमीटर दूर बेरा-बास घाटी के जंगल में ले गए।

वहां आरोपियों ने मारपीट कर उनका बैग छीन लिया, जिसमें 50 हजार रुपये नकद थे, साथ ही मोबाइल और लैपटॉप भी लूट लिया। इसके बाद बदमाशों ने उनका मुंह बांधकर आगे ले जाने की कोशिश की। इसी दौरान व्यापारी ने टॉयलेट जाने का बहाना बनाया। जब दो बदमाश उसे नीचे उतारकर ले गए, तभी मौके का फायदा उठाकर उसने शोर मचा दिया। आसपास से गुजर रहे लोगों को देख बदमाश उसे छोड़कर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी का मेडिकल करवाया गया। इसके बाद अरावली विहार थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अपहरण व लूट का मामला दर्ज किया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली, एनईबी, अरावली विहार, वैशाली नगर और रामगढ़ थानों की टीमें संयुक्त रूप से जांच में जुटी हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम के रूट पर लगे सीसीटीवी फुटेज, संदिग्ध वाहनों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *