टोंक में लावारिस मिली 5-6 साल की मासूम,शरीर पर चोटों के निशान; माता-पिता पर मारपीट कर ट्रेन में छोड़ने का आरोप
राजस्थान के टोंक शहर में सोमवार को करीब पांच से छह साल की बच्ची लावारिस हालत में मिली। उसके हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटों के निशान पाए गए। बच्ची ने अपने माता-पिता पर मारपीट करने और ट्रेन में छोड़ने का आरोप लगाया है। चार युवकों ने बच्ची को चाइल्ड हेल्पलाइन पहुंचाया। इसके बाद बाल कल्याण समिति और बाल अधिकारिता विभाग ने उसे संरक्षण में लेकर अस्पताल में उपचार शुरू कराया।

मुख्य बातें
- टोंक में लावारिस मिली मासूम, माता-पिता पर मारपीट का आरोप
- ट्रेन में छोड़ने का आरोप, बस और ऑटो से टोंक पहुंची बच्ची
- शरीर पर चोटों के निशान, चार युवकों ने मासूम को पहुंचाया चाइल्ड हेल्पलाइन
TONK,23 NOV.2026:
चार युवकों ने बच्ची को चाइल्ड हेल्पलाइन पहुंचाया
मामला टोंक शहर के बहीर क्षेत्र का है। सोमवार शाम चार युवक बच्ची को लेकर चाइल्ड हेल्पलाइन पहुंचे। उन्होंने बच्ची को लावारिस हालत में मिलने की जानकारी दी।बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष हेमराज चौधरी के अनुसार, सूचना मिलते ही बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराने के निर्देश दिए गए। उसके प्राथमिक उपचार के साथ सीटी स्कैन, एक्स-रे और अन्य जरूरी जांच कराई जा रही हैं।
ट्रेन से निवाई और फिर बस-ऑटो से पहुंची टोंक
बच्ची ने बातचीत के दौरान खुद को जयपुर का निवासी बताया। उसके अनुसार, माता-पिता ने उसके साथ मारपीट की और उसे ट्रेन में छोड़ दिया।बच्ची के मुताबिक, वह ट्रेन से निवाई पहुंची। इसके बाद बस और ऑटो से टोंक आई। वह बहीर कॉलेज ग्राउंड के आसपास पहुंच गई थी।हालांकि, बच्ची अभी अपना पूरा पता स्पष्ट नहीं बता पा रही है। उसके बताए घटनाक्रम की पुष्टि जांच और काउंसलिंग के बाद ही हो सकेगी।
बाल गृह में रखा गया, माता-पिता की तलाश शुरू
सहायक निदेशक बाल अधिकारिता विभाग नवल खान ने बताया कि बाल कल्याण समिति के आदेश पर बच्ची को बाल गृह में प्रवेश दिलाया गया है। चोटों के कारण उसका अस्पताल में उपचार जारी है।स्वस्थ होने के बाद बच्ची की काउंसलिंग कराई जाएगी। इसके जरिए उसके गृह क्षेत्र और परिवार की जानकारी जुटाने का प्रयास होगा। जरूरत पड़ने पर नियमानुसार उसे संबंधित स्थान पर भेजा जाएगा।
बच्ची की इच्छा के विरुद्ध नहीं भेजा जाएगा
विभाग के अनुसार, माता-पिता की तलाश और पूरे मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।बाल कल्याण समिति अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि बच्ची को उसकी इच्छा के विरुद्ध माता-पिता के पास भेजने का दबाव नहीं बनाया जाएगा। फिलहाल उसकी सुरक्षा, उपचार और देखभाल को प्राथमिकता दी जा रही है।
पुलिस का पक्ष
बच्ची की इच्छा के विरुद्ध नहीं भेजा जाएगा
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





