STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकसोमवार, 23 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत पर गदगद सचिन पायलट, CM बनने के सवाल पर बोले- 2028 के बाद पूछना

राजस्थान के पंचायत चुनावों में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन के बाद सचिन पायलट ने इसे जनता की जीत बताया है। उन्होंने भाजपा को हार पर आत्मचिंतन करने की नसीहत दी। वहीं, मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर पायलट ने कहा कि ऐसे पद पहले से तय नहीं होते। उन्होंने 2028 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत का लक्ष्य भी सामने रखा।

सचिन पायलट
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • क्या 2028 में CM बनेंगे सचिन पायलट? सवाल पर दिया सीधा जवाब
  • पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद पायलट ने भाजपा को चेताया
  • CM बनने के सवाल पर बोले सचिन पायलट- चुनाव के बाद पूछना

JAIPUR,23 NOV. 2026:

पंचायत चुनाव के नतीजों को बताया जनता का संदेश

जयपुर में एक साक्षात्कार के दौरान सचिन पायलट ने पंचायत चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण मतदाताओं ने भाजपा सरकार, केंद्र सरकार और डबल इंजन की सरकार को स्पष्ट संदेश दिया है।पायलट के मुताबिक, ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस पहले भी मजबूत रही है। हालांकि, इस बार भाजपा का प्रदर्शन आने वाले राजनीतिक समय का संकेत देता है। भाजपा को आत्मचिंतन करना चाहिए कि ऐसी स्थिति क्यों बनी।जिला परिषद की 1275 सीटों में कांग्रेस ने 796 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं, भाजपा को 359 सीटें मिलीं। पंचायत समिति सदस्य की 7543 सीटों में से 7542 के परिणाम घोषित हुए। इनमें कांग्रेस को 3772 और भाजपा को 2218 सीटें मिलीं।

स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिया जीत का श्रेय

पायलट ने कहा कि कांग्रेस ने यह चुनाव प्रदेश कांग्रेस कमेटी, स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से लड़ा। पार्टी ने जिम्मेदारियां तय की थीं। कैंपेन कमेटी के जरिए चुनावी रणनीति तैयार की गई थी।उन्होंने बताया कि स्थानीय नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव की कमान संभाली। युवाओं को भी जिम्मेदारियां दी गईं। उनके अनुसार, पार्टी की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत से कांग्रेस को यह सफलता मिली।

खाद, डीएपी और मनरेगा को लेकर भाजपा पर निशाना

सचिन पायलट ने भाजपा सरकार पर ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य नहीं कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद और डीएपी के लिए परेशान होना पड़ा।उन्होंने मनरेगा को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। पायलट के मुताबिक, पंचायत चुनाव हाईकोर्ट के आदेश के बाद कराए गए। सरकार ने करीब डेढ़ साल तक चुनाव नहीं कराए थे। उन्होंने दावा किया कि इन मुद्दों का असर चुनाव परिणामों में दिखाई दिया।

नगरपालिका परिसीमन पर भी उठाए सवाल

पायलट ने नगरपालिका चुनावों में वार्ड परिसीमन को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक हितों को ध्यान में रखकर वार्डों की सीमाएं बदली गईं।उन्होंने कहा कि कहीं 500 मतदाताओं का वार्ड बनाया गया तो कहीं 5 हजार मतदाताओं का। पायलट ने प्रशासन के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया।उनके मुताबिक, इसके बावजूद नगरपालिका चुनावों में कांग्रेस और भाजपा के बीच वोटों का अंतर एक प्रतिशत से भी कम रहा था। वहीं, ग्रामीण चुनावों में कांग्रेस को भाजपा के मुकाबले करीब पांच प्रतिशत की बढ़त मिली।

मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर क्या बोले पायलट?

साक्षात्कार में जब सचिन पायलट से पूछा गया कि पंचायत चुनावों में कांग्रेस की जीत के बाद क्या वे अगले मुख्यमंत्री बन सकते हैं? इस पर उन्होंने कहा कि ऐसे पद किसी को पहले से नहीं मिलते।पायलट ने कहा कि पहले पार्टी चुनाव जीतती है। उन्होंने राजस्थान की राजनीति में हर पांच साल में सत्ता बदलने की परंपरा का भी जिक्र किया।उनके मुताबिक, अगले 23-24 महीनों में कांग्रेस को अपनी बढ़त और मौजूदा राजनीतिक माहौल को मजबूत करना होगा। मुख्यमंत्री पद को लेकर सवाल 2028 के विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद पूछा जाना चाहिए।

2028 में कांग्रेस की जीत का लक्ष्य

पायलट ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में राजस्थान सहित मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में अच्छे बहुमत के साथ सरकार बनाना है।उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते हुए प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ नेता मिलकर चुनाव लड़ते हैं। पायलट के इस बयान के बाद राजस्थान में कांग्रेस की चुनावी रणनीति और 2028 के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।