राजस्थान यूनिवर्सिटी में ABVP का प्रदर्शन, बैक पेपर और रिवैल्यूएशन फीस घटाने की मांग
जयपुर स्थित राजस्थान विश्वविद्यालय में सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने फीस और परीक्षा मूल्यांकन व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्रों ने बैक पेपर और रिवैल्यूएशन की फीस कम करने की मांग उठाई। साथ ही, परीक्षा परिणामों में कथित गड़बड़ियों की जांच कराने की मांग की। कुलगुरु ने छात्रों की समस्याओं पर परीक्षा अनुभाग से चर्चा कर समाधान का आश्वासन दिया।

मुख्य बातें
- राजस्थान यूनिवर्सिटी में ABVP का प्रदर्शन, बैक और रिवैल्यूएशन फीस घटाने की मांग
- दो बैक पेपर में सालाना फीस से ज्यादा खर्च! छात्रों ने उठाई आवाज
- 90 प्रतिशत लाने वाले छात्र को मिला जीरो! मूल्यांकन व्यवस्था पर ABVP के सवाल
JAIPUR,23 NOV. 2026:
कुलगुरु सचिवालय के बाहर ABVP का प्रदर्शन
राजस्थान विश्वविद्यालय में ABVP कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कुलगुरु सचिवालय पर प्रदर्शन किया। परिषद ने परीक्षा शुल्क और रिवैल्यूएशन प्रक्रिया को आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों पर अतिरिक्त बोझ बताया।प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने बैक पेपर और रिवैल्यूएशन की फीस घटाने की मांग की। इसके अलावा परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी की जांच कराने की भी मांग उठाई गई।प्रदर्शन के दौरान गेट नहीं खोले जाने पर कुछ छात्रों ने नाराजगी जताई और गेट खोलने का प्रयास किया। इससे विश्वविद्यालय परिसर में कुछ देर तनाव की स्थिति बनी रही। ABVP ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
दो बैक पेपर में सालाना फीस से ज्यादा खर्च का दावा
ABVP इकाई अध्यक्ष विशाल उज्जैनिया ने कहा कि विश्वविद्यालय में बैक पेपर और रिवैल्यूएशन के नाम पर विद्यार्थियों से भारी फीस ली जा रही है। परिषद इसका विरोध कर रही है।उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर पहले भी कुलगुरु को ज्ञापन सौंपा गया था। उज्जैनिया के मुताबिक, कई बार दो पेपर में बैक आने पर रिवैल्यूएशन और अन्य शुल्क का खर्च सालाना फीस से भी ज्यादा हो जाता है।उन्होंने मांग की कि रिवैल्यूएशन प्रक्रिया में विद्यार्थियों से न्यूनतम शुल्क लिया जाए।
एक बैक और रिवैल्यूएशन में 2800 रुपये खर्च होने का दावा
ABVP इकाई मंत्री हर्षवर्धन खर्रा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए बैक लगना बड़ी परेशानी बन जाता है।उन्होंने दावा किया कि एक बैक पेपर और रिवैल्यूएशन की प्रक्रिया में करीब 2800 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। परिषद ने कुलगुरु से बातचीत कर फीस कम करने की मांग रखी।खर्रा के अनुसार, कुलगुरु ने विद्यार्थियों की समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है।
परीक्षा परिणामों में शून्य अंक मिलने पर उठाए सवाल
ABVP पदाधिकारियों ने विश्वविद्यालय की मूल्यांकन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि 12वीं कक्षा में 90 प्रतिशत अंक हासिल करने वाला विद्यार्थी विश्वविद्यालय में प्रवेश के बाद किसी विषय में शून्य अंक प्राप्त कर रहा है।परिषद ने ऐसे मामलों की जांच कराने की मांग की। साथ ही, मूल्यांकन में किसी शिक्षक की लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की मांग भी उठाई।
कुलगुरु बोले- परीक्षा अनुभाग से करेंगे चर्चा
राजस्थान विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. बीपी सारस्वत ने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी समस्याएं रखी हैं। इन मुद्दों पर परीक्षा अनुभाग से विस्तृत चर्चा की जाएगी, ताकि जल्द समाधान निकाला जा सके।उन्होंने बताया कि परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं कोडिंग व्यवस्था के तहत जांच के लिए भेजी जाती हैं। ऐसे में रोल नंबर या नाम के आधार पर भेदभाव की गुंजाइश नहीं रहती।हालांकि, यदि कोई शिक्षक कॉपी जांचने में लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कुलगुरु ने बताया कि हाल ही में एक शिक्षक को आजीवन डिबार भी किया गया है।
रिवैल्यूएशन फीस पर कुलगुरु ने रखी अपनी बात
रिवैल्यूएशन फीस को लेकर कुलगुरु ने कहा कि पुनर्मूल्यांकन करवाना विद्यार्थी की स्वेच्छा पर निर्भर करता है। यदि दोबारा जांच में अंक बढ़ जाते हैं तो छात्र को कोई परेशानी नहीं होती।वहीं, अंक नहीं बढ़ने पर कुछ विद्यार्थी इसे अवैध वसूली बताते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि विद्यार्थियों की शिकायतों और मूल्यांकन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर विचार किया जाएगा।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





