STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकसोमवार, 23 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

बूंदी में नेहरू की प्रतिमा हटाने पर टीकाराम जूली का भाजपा सरकार पर हमला, बोले- इतिहास का अपमान बर्दाश्त नहीं

बूंदी के आजाद पार्क से पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा हटाए जाने को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार और जिला प्रशासन पर निशाना साधा है। उन्होंने इसे देश के गौरवशाली इतिहास और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान बताते हुए प्रतिमा को उसी स्थान पर दोबारा स्थापित करने की मांग की है।

टीकाराम जूली
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • बूंदी में नेहरू की प्रतिमा हटाने पर भड़के टीकाराम जूली, भाजपा को घेरा
  • नेहरू की प्रतिमा हटाने पर सियासी घमासान, जूली ने की दोबारा स्थापना की मांग
  • बूंदी के आजाद पार्क में नेहरू प्रतिमा विवाद, नेता प्रतिपक्ष का बड़ा बयान

ALWAR/BUNDI,23 NOV. 2026:

प्रतिमा हटाने की कार्रवाई पर जताई नाराजगी

टीकाराम जूली ने बूंदी के आजाद पार्क से देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा हटाए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।उन्होंने इस कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बताया। जूली ने आरोप लगाया कि यह केवल एक प्रतिमा हटाने का मामला नहीं है। बल्कि देश की आजादी के संघर्ष और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े इतिहास का अपमान है।उनके अनुसार, भाजपा सरकार की यह कार्रवाई उसकी संकीर्ण सोच को दर्शाती है।

नेहरू के योगदान का किया जिक्र

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने आजादी के बाद देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।उन्होंने वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा दिया। आधुनिक शिक्षा और बड़े औद्योगिक संस्थानों की स्थापना के जरिए देश के विकास की आधारशिला रखी।जूली ने सवाल उठाया कि ऐसे महान व्यक्तित्व की प्रतिमा हटाकर भाजपा सरकार आखिर कौन-सा इतिहास लिखना चाहती है?

बोले- प्रतिमाएं हटाने से इतिहास नहीं मिटता

टीकाराम जूली ने कहा कि इतिहास प्रतिमाएं हटाने से नहीं मिटाया जा सकता। सत्ता के अहंकार से किसी महापुरुष का योगदान भी छोटा नहीं होता।उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू का नाम किसी प्रतिमा या पार्क का मोहताज नहीं है। उनका योगदान देश के इतिहास, लोकतंत्र की बुनियाद और करोड़ों भारतीयों की स्मृतियों में हमेशा जीवित रहेगा।

प्रतिमा दोबारा स्थापित करने की मांग

नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा सरकार और जिला प्रशासन से पूरे मामले पर तत्काल स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा को पूरे सम्मान के साथ उसी स्थान पर दोबारा स्थापित किया जाना चाहिए।इस मामले के बाद बूंदी में प्रतिमा हटाने को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।