टोंक में 40 हजार लोग डायबिटीज से पीड़ित, 49 बच्चों का भी चल रहा इलाज; 934 अति कुपोषित बच्चे चिह्नित
राजस्थान के टोंक जिले में डायबिटीज और कुपोषण से जुड़े आंकड़े चिंता बढ़ा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 37 वर्ष से अधिक उम्र के करीब चार लाख लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें लगभग 40 हजार लोग मधुमेह से पीड़ित पाए गए। यानी जांच में शामिल करीब 10 प्रतिशत लोगों में डायबिटीज की पुष्टि हुई है। बच्चों में भी बीमारी के मामले सामने आए हैं। जिले में 49 बच्चों का उपचार जारी है। वहीं, महिला एवं बाल विकास विभाग ने 934 अति कुपोषित बच्चों को चिह्नित किया था।

मुख्य बातें
- टोंक में 40 हजार लोग डायबिटीज की चपेट में, 49 बच्चों का इलाज जारी
- राजस्थान के इस जिले में बढ़ी डायबिटीज की चिंता, स्क्रीनिंग में बड़ा खुलासा
- बच्चों में भी बढ़ रहे मधुमेह के मामले, जानिए पांच शुरुआती लक्षण
TONK,14 NOV. 2026:
चार लाख लोगों की स्क्रीनिंग में मिले 40 हजार मरीज
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शैलेंद्र चौधरी के अनुसार, जिले में स्वास्थ्य विभाग ने 37 वर्ष से अधिक उम्र के करीब चार लाख लोगों की स्क्रीनिंग की है। इनमें लगभग 40 हजार लोगों में मधुमेह की पुष्टि हुई है।यह आंकड़ा जिले में डायबिटीज के प्रति जागरूकता और नियमित स्वास्थ्य जांच की जरूरत को दर्शाता है। खास बात यह है कि मधुमेह अब केवल वयस्कों तक सीमित नहीं है। बच्चों में भी इसके मामले सामने आ रहे हैं।
अस्पतालों में रोजाना पहुंच रहे मरीज
राजकीय सआदत अस्पताल में प्रतिदिन करीब 50 से 60 मरीज मधुमेह के फॉलोअप के लिए पहुंचते हैं। वहीं, एनसीडी ओपीडी में रोजाना लगभग 150 मरीज जांच करवाते हैं।अस्पताल में पांच वर्ष से अधिक उम्र के 27 बच्चों को मधुमेह की दवाएं दी जा रही हैं। इसके अलावा जनाना अस्पताल में 22 बच्चों को इंसुलिन दी जा रही है। इस तरह जिले में कुल 49 बच्चों का मधुमेह का उपचार चल रहा है।
बच्चों में डायबिटीज के पांच प्रमुख लक्षण
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जगदीश गुर्जर के अनुसार, बच्चों में मुख्य रूप से टाइप-1 और टाइप-2 डायबिटीज देखी जाती है। टाइप-1 मधुमेह एक ऑटोइम्यून बीमारी है। इसमें शरीर पर्याप्त इंसुलिन नहीं बना पाता।बच्चों में कछ लक्षण दिखाई देने पर अभिभावकों को सतर्क रहना चाहिए:-
1. बार-बार प्यास लगना।
2. बार-बार पेशाब आना।
3. अचानक वजन कम होना।
4. सामान्य से अधिक भूख लगना।
5. लगातार थकान और कमजोरी महसूस होना।
ऐसे लक्षण दिखाई देने पर बच्चे की चिकित्सकीय जांच करवानी चाहिए। समय पर पहचान और उपचार से बीमारी को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकता है।
जंक फूड और बदलती जीवनशैली भी चिंता का विषय
विशेषज्ञों के अनुसार, बच्चों की बदलती जीवनशैली और खानपान पर ध्यान देना जरूरी है। जंक फूड, पैकेट वाले खाद्य पदार्थ और मीठे पेय पदार्थों का अधिक सेवन सेहत को प्रभावित कर सकता है।इसके अलावा, मोबाइल और टीवी के सामने लंबे समय तक बैठे रहने से शारीरिक गतिविधियां कम हो रही हैं। बच्चों को नियमित खेलकूद के लिए प्रोत्साहित करना जरूरी है।विशेषज्ञों ने बच्चों को प्रतिदिन कम से कम 60 मिनट शारीरिक गतिविधियों में शामिल करने की सलाह दी है। उनके भोजन में फल, हरी सब्जियां और संतुलित पौष्टिक आहार शामिल करना चाहिए।
जिले में 934 अति कुपोषित बच्चे चिह्नित
डायबिटीज के साथ जिले में कुपोषण की स्थिति भी सामने आई है। महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक सरोज मीना ने बताया कि टोंक जिले में 1508 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं।जिले की आठ परियोजनाओं में कुल 934 अति कुपोषित बच्चों को चिह्नित किया गया था। इनमें से 848 बच्चे नियमित देखभाल, पौष्टिक आहार और चिकित्सकीय परामर्श से रिकवर हुए हैं।
बाल दिवस और विश्व मधुमेह दिवस पर जागरूकता की जरूरत
14 नवंबर को बाल दिवस के साथ विश्व मधुमेह दिवस भी मनाया जाता है। ऐसे में बच्चों के स्वास्थ्य, खानपान और जीवनशैली पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।स्कूलों में स्वास्थ्य संवाद, पौष्टिक आहार की जानकारी, पोस्टर प्रतियोगिताएं और मधुमेह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। इससे बच्चों और अभिभावकों को बीमारी के लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी मिलेगी।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





