सोनम वांगचुक के ICU के बाहर पुलिस तैनाती पर पत्नी गीतांजलि ने उठाए सवाल, कहा- ‘कौन मिलेगा, यह भी पुलिस तय कर रही’
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती होने के बीच उनकी पत्नी डॉ. गीतांजलि जे. आंग्मो ने पुलिस की मौजूदगी और मुलाकात पर कथित प्रतिबंधों को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर दावा किया कि अस्पताल के गेट से लेकर ICU के बाहर तक पुलिस तैनात है और वही यह तय कर रही है कि वांगचुक से कौन मिल सकता है। हालांकि, इन दावों पर पुलिस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अस्पताल में पुलिस तैनाती को लेकर जताई आपत्ति
डॉ. गीतांजलि जे. आंग्मो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए अपने पोस्ट में कहा कि सोनम वांगचुक जहां भी भर्ती रहे, वहां भारी पुलिस मौजूद रही। उनके अनुसार, मेदांता अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार, रिसेप्शन, लिफ्ट और ICU के बाहर पुलिसकर्मी तैनात हैं। उन्होंने दावा किया कि वांगचुक से मिलने आने वाले समर्थकों, शुभचिंतकों और जनप्रतिनिधियों को भी पुलिस की अनुमति के बाद ही प्रवेश मिल रहा है।
पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल
गीतांजलि ने अपने बयान में लोकतांत्रिक व्यवस्था में पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने लिखा कि पुलिस का दायित्व नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है, लेकिन यदि किसी व्यक्ति से मिलने वालों पर नियंत्रण किया जा रहा है तो यह गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मुद्दों पर सार्वजनिक चर्चा होनी चाहिए।
हाई कोर्ट के आदेश का किया जिक्र
अपने बयान में गीतांजलि ने दिल्ली हाई कोर्ट के उस आदेश का भी उल्लेख किया, जिसमें कहा गया था कि सोनम वांगचुक पुलिस या न्यायिक हिरासत में नहीं हैं और उन्हें अपनी पसंद के अस्पताल में इलाज कराने का अधिकार है। उन्होंने सवाल किया कि यदि अदालत ने उन्हें स्वतंत्र नागरिक माना है, तो फिर मुलाकात और आवाजाही पर कथित पाबंदियां किस आधार पर लगाई जा रही हैं।
अनशन के बाद अस्पताल में चल रहा इलाज
सोनम वांगचुक ने 26 दिनों तक चले अपने अनशन को समाप्त करने के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सरकार के साथ हुई बातचीत और लिखित आश्वासन के बाद उन्होंने उपवास समाप्त किया था। फिलहाल उनका उपचार जारी है और उनके स्वास्थ्य पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। वहीं, अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था और मुलाकात को लेकर उठे सवालों पर संबंधित अधिकारियों की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।