एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस का विरोध, खैरथल-तिजारा जिला अध्यक्ष ने जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
अलवर।
खैरथल-तिजारा जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलराम यादव ने बुधवार को अलवर स्थित मिनी सचिवालय पहुंचकर जिला कलेक्टर को एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर आपत्तियां दर्ज कराईं। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि अलवर ग्रामीण, किशनगढ़बास, तिजारा और रामगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर के नाम पर 20 से 30 हजार तक मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं, जबकि भाजपा जिला अध्यक्ष द्वारा अपने समर्थकों के वोट बढ़वाए जा रहे हैं।
बलराम यादव ने यह भी आरोप लगाया कि कई मामलों में मतदाताओं के फॉर्म में मोबाइल नंबर तक दर्ज नहीं किए जा रहे हैं, जिससे प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वहीं इस मामले पर जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला ने स्पष्ट किया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची 15 दिसंबर तक अपलोड की गई थी और उस पर आपत्तियां 15 दिसंबर की रात 12 बजे तक मांगी गई थीं। उन्होंने बताया कि आज खैरथल-तिजारा जिले के कांग्रेस पदाधिकारी उनसे मिलने आए थे, जिनकी सभी आपत्तियों को गंभीरता से लिया गया है।
जिला कलेक्टर ने कहा कि सभी ईआरओ को निर्देश दिए गए हैं कि चाहे आपत्तियां ऑनलाइन हों या ऑफलाइन, उनकी विधिवत जांच की जाएगी और सभी फॉर्म ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे। इसके बाद सात दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ द्वारा मौके पर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।