#क्राइम #राज्य-शहर

प्रेम प्रसंग में चली गोली: प्रेमिका के कहने पर युवक ने पेट्रोल पंप सेल्समैन को मारी गोली, एक घंटे में आरोपी गिरफ्तार

अलवर पेट्रोल पंप फायरिंग का खुलासा, प्रेम प्रसंग निकला कारण

अलवर। शहर के सदर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े पेट्रोल पंप पर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। मामले में आरोपी को घटना के महज एक घंटे के भीतर नाकेबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में सामने आया कि यह पूरी वारदात प्रेम प्रसंग के चलते अंजाम दी गई थी।

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के अनुसार घायल सेल्समैन सचिन एक महिला से लगातार संपर्क में था। यह महिला आरोपी की प्रेमिका बताई जा रही है। महिला ने इसकी जानकारी आरोपी को दी, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर हत्या की साजिश रच डाली।

आरोपी कठूमर क्षेत्र के बलदेवपुरा बहड़िया का रहने वाला जगत गुर्जर है। उसने सुबह करीब 8 बजे एक राहगीर से बाइक लूटकर करीब 50 किलोमीटर दूर अलवर पहुंचा। यहां बुर्जा बायपास स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर 898 रुपए का पेट्रोल भरवाने के बाद उसने सेल्समैन सचिन को पास से गोली मार दी और फरार हो गया। गोली सचिन के कंधे में लगी, जिससे पंप पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही सदर थाना व मालाखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की गई। चारों तरफ नाकेबंदी कराई गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को वैशाली नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने पहले सेल्समैन की फोटो खींचकर अपनी प्रेमिका को भेजी और पहचान की पुष्टि की। इसके बाद उसने मोबाइल पर कॉल कर अंतिम पुष्टि की और फिर गोली चला दी।

घायल सचिन, जो मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के पुनखर गांव का निवासी है, को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, आठ जिंदा कारतूस और एक खाली खोल बरामद किया है। साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और उसकी प्रेमिका से भी पूछताछ की जाएगी।

दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। वहीं, पिछले एक सप्ताह में लूट, डकैती और फायरिंग की तीन बड़ी घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल बना हुआ है। हालांकि, पुलिस ने तीनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर अपनी कार्यशैली की सराहना बटोरी है।

यह भी पढ़ें –अलवर की पॉश स्कीम नंबर-1 में दिनदहाड़े बड़ी चोरी, सोना-चांदी और नकदी लेकर फरार

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *