अलवर की पॉश स्कीम नंबर-1 में दिनदहाड़े बड़ी चोरी, सोना-चांदी और नकदी लेकर फरार
अलवर शहर की पॉश कॉलोनी स्कीम नंबर-1 में दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित इस हाई-प्रोफाइल इलाके में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपए के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार मकान मालिक रवि अग्रवाल अपने परिवार के साथ 4 जुलाई को जयपुर गए हुए थे। शनिवार को जब परिवार वापस लौटा तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला, जिसके बाद चोरी का खुलासा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर मकान की बाउंड्री कूदकर अंदर घुसे और खिड़की की ग्रिल तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने करीब 2 किलो चांदी, 60 ग्राम सोना और डेढ़ लाख रुपए की नकदी चोरी कर ली। चोरी गए सामान की कीमत लाखों में बताई जा रही है।
सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।
वहीं पीड़ित रवि अग्रवाल ने पुलिस पर एफआईआर दर्ज करने में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वह दोपहर में थाने पहुंचे थे, लेकिन कई घंटे बीतने के बाद भी मामला दर्ज नहीं किया गया। पुलिस द्वारा सोने-चांदी के बिल मांगे जाने पर उन्होंने बताया कि यह आभूषण पुश्तैनी हैं, जिनके बिल उपलब्ध नहीं हैं।
पॉश कॉलोनी में हुई इस बड़ी चोरी के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें –साइबर ठगों पर AI का शिकंजा: अलवर पुलिस अगस्त से शुरू करेगी हाईटेक जांच प्रणाली