कटनी में दो दिन में दूसरा बड़ा सड़क हादसा, पिकअप की टक्कर से दो युवकों की मौत
मध्य प्रदेश के कटनी जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लमतरा फाटक के पास रविवार को हुए भीषण बस-हाइवा हादसे के बाद सोमवार को एक और दर्दनाक दुर्घटना सामने आई। कटनी-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
तेवरी मोड़ के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम तेवरी के समीप सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे यह हादसा हुआ। ग्राम घूघरा निवासी संतोष सेन और चंदू आदिवासी बाइक से तेवरी की ओर जा रहे थे। जैसे ही दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग से गांव की ओर मुड़ने लगे, तभी कटनी से जबलपुर की दिशा में जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद पिकअप ने दोनों को रौंदा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। इसके बाद पिकअप वाहन दोनों को रौंदते हुए कुछ दूरी तक आगे बढ़ गया। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही स्लीमनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। थाना प्रभारी सुदेश समन ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई गई। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लगातार हादसों से बढ़ी चिंता
कटनी जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रशासन से सुरक्षा उपाय बढ़ाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करवाने की मांग भी उठ रही है।
एक दिन पहले भी हुआ था बड़ा हादसा
गौरतलब है कि रविवार को कटनी के लमतरा फाटक के पास यात्री बस और ओवरलोड हाइवा की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 35 यात्री घायल हुए थे। इस हादसे के बाद अभी लोग सदमे से उबर भी नहीं पाए थे कि जिले में एक और दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।