STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकमंगलवार, 10 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

राजसमंद : नाथद्वारा में 353 साल पुरानी परंपरा, गायों के पैरों से कुचलवाया गोवर्धन

राजसमंद जिले के नाथद्वारा में गोवर्धन पूजा और खेंखरा का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। यहां 353 साल पुरानी परंपरा के तहत नंदवंशी गायों के पैरों से गोबर से बने गोवर्धन को कुचलवाया गया। इससे पहले गायों को मेहंदी, रंग और मोरपंख से सजाया गया। वहीं, देर रात श्रीनाथजी को 50 क्विंटल से अधिक चावल और सौ से ज्यादा सामग्री से तैयार अन्नकूट का भोग लगाया जाएगा।

नाथद्वारा में गोवर्धन पूजा के बाद अन्नकूट उत्सव
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • नाथद्वारा में 353 साल पुरानी परंपरा, गायों के पैरों से कुचलवाया गोवर्धन
  • श्रीनाथजी की नगरी में अनूठी गोवर्धन पूजा, रात को लगेगा विशाल अन्नकूट
  • 50 क्विंटल चावल का अन्नकूट, आदिवासी समुदाय निभाएगा सदियों पुरानी रस्म

RAJSAMAND, 10 NOV. 2026:

नाथद्वारा में निभाई गई सदियों पुरानी परंपरा

श्रीनाथजी की नगरी नाथद्वारा में गोवर्धन पूजा और खेंखरा उत्सव का विशेष महत्व है। सोमवार को यहां 353 साल पुरानी परंपरा का निर्वहन किया गया। इसके तहत नंदवंशी गायों के पैरों से गोबर से तैयार गोवर्धन को कुचलवाया गया।इस अनूठी परंपरा को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजन और भजन-कीर्तन भी हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं के इंतजाम किए गए।

गायों को सजाकर मंदिर लाई गईं गौमाता

श्रीनाथजी की हवेली में पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार दीपावली के अवसर पर गोमाता मंदिर आती हैं। यहां कान जगाई की रस्म निभाई जाती है।रविवार को नाथूवास स्थित गोशाला से गायों को मंदिर लाया गया। इससे पहले उन्हें मेहंदी, रंग और मोरपंख से सजाया गया। सजी हुई गायों के दर्शन कर श्रद्धालु भावुक नजर आए। मंदिर में विधि-विधान के साथ कान जगाई की रस्म पूरी की गई।

विशाल बावा ने किया गोवर्धन पूजन

ग्वाल कपिल गुर्जर के अनुसार, दोपहर बाद गोमाता को गोवर्धन पूजा चौक में ले जाया गया। यहां चिरंजीवी विशाल बावा ने गोवर्धन का पूजन किया।इस दौरान ग्वाल-बालों को फेंटा बांधकर सम्मानित किया गया और प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद गायों को रिझाते और खेलाते हुए वापस नाथूवास गोशाला ले जाया गया।

देर रात लगेगा 50 क्विंटल से अधिक चावल का अन्नकूट

नाथद्वारा में गोवर्धन पूजा के बाद अन्नकूट उत्सव की भी विशेष परंपरा है। ग्वाल कपिल गुर्जर ने बताया कि देर रात श्रीनाथजी को अन्नकूट का भोग लगाया जाएगा।इसमें 50 क्विंटल से अधिक चावल और सौ से ज्यादा अन्य खाद्य सामग्रियां शामिल होंगी। परंपरा के अनुसार, ठाकुरजी के सामने से आदिवासी समुदाय के लोग अन्नकूट की सामग्री लूटकर ले जाएंगे। यह आयोजन नाथद्वारा की पुरानी धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।