STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकमंगलवार, 10 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

Alwar Crime: सब्जी का ठेला लगाने के विवाद में पिता पर चाकू से हमला, बेटे को अगवा कर बेरहमी से पीटा

अलवर शहर में अशोका टॉकीज के पास सब्जी का ठेला लगाने को लेकर पिता-पुत्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले हमलावरों ने पिता किशनलाल पर चाकू से वार किया और उनका ठेला तोड़ दिया। पिता को अस्पताल ले जाने के बाद आरोपियों ने उनके 22 वर्षीय बेटे कुनाल वर्मा को कथित तौर पर अगवा कर लिया। उसे कोली मोहल्ले के एक कमरे में बंद कर लाठी-सरियों और बेल्ट से पीटा गया। हमले में कुनाल के चार दांत टूट गए और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

सब्जी का ठेला लगाने के विवाद में पिता-पुत्र पर हमला,
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • अलवर में पिता पर चाकू से हमला, बेटे को अगवा कर कमरे में पीटा
  • सब्जी का ठेला लगाने के विवाद में पिता-पुत्र पर हमला, बेटे के चार दांत टूटे
  • अशोका टॉकीज के पास ठेला लगाने को लेकर विवाद, एससी-एसटी एक्ट में केस

ALWAR,10 NOV. 2026:

ठेला हटाने को लेकर हुआ विवाद, पिता पर चाकू से हमला

घायल किशनलाल के अनुसार, वह लंबे समय से अशोका टॉकीज के पास सब्जी का ठेला लगाते हैं। आरोप है कि कुछ युवक ठेला हटाने को लेकर उनसे विवाद करने लगे। इस दौरान युवकों ने लाठी-सरियों से मारपीट की और उनका ठेला भी तोड़ दिया।किशनलाल का आरोप है कि हमलावरों ने उनके चेहरे पर चाकू से वार किया। इसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। हमले में उनके चेहरे पर 14 से 15 टांके आए। घटना के समय उनकी पत्नी भी मौके पर मौजूद थी।

पिता को अस्पताल ले जाने के बाद बेटे को उठाया

किशनलाल के बेटे कुनाल वर्मा (22) ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर वह अशोका टॉकीज पहुंचा था। आरोप है कि वहां मौजूद हमलावर उसे जबरन अपने साथ ले गए। इसके बाद उसे कोली मोहल्ले के एक कमरे में बंद कर दिया गया।कुनाल के मुताबिक, आरोपियों ने उसके कपड़े उतारकर लाठी-सरियों और बेल्ट से बेरहमी से मारपीट की। सरिए से चेहरे पर वार करने के कारण उसके चार दांत टूट गए। उसकी पीठ पर गहरे घाव हुए हैं। चेहरे और आंखों के पास भी चोटें आई हैं।

तीन नामजद सहित अन्य युवकों पर लगाए आरोप

कुनाल की ओर से अखैपुरा थाने में सोमवार को रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट के अनुसार, घटना 7 नवंबर की रात करीब 10 बजे हुई थी। उस समय किशनलाल अशोका टॉकीज के पास सब्जी का ठेला लगा रहे थे। उनकी पत्नी भी उनके साथ थी।शिकायत में हर्ष लक्खा सरदार, हन्नी पंजाबी और तीन-चार अन्य युवकों पर हमला करने का आरोप लगाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपियों ने ठेला तोड़ने के साथ पिता के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। विरोध करने पर चाकू से चेहरे पर वार किया गया। कुनाल ने आरोप लगाया कि हमलावर पिता-पुत्र के रुपये भी निकालकर ले गए।

एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने मारपीट और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल के आरोपों के आधार पर एससी-एसटी एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। मंगलवार दोपहर पिता-पुत्र का मेडिकल परीक्षण करवाया गया।मामले की जांच अलवर उत्तर के सीओ राजेश कसाना कर रहे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। फिलहाल मामले में गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस का पक्ष

पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।