'ऐसा इलाज करूंगा, पुश्तें याद रखेंगी. डीग SP शरण कांबले का सख्त अंदाज, चुनाव में बाधा डालने वालों को चेतावनी

मुख्य बातें
- 'पुश्तें याद रखेंगी': डीग एसपी शरण कांबले का वायरल वीडियो, चुनावी हंगामे पर दिया 5 मिनट का अल्टीमेटम
- केथवाड़ा पंचायत चुनाव: 12 घंटे के हंगामे के बाद सहनाज खान बनीं सरपंच, एसपी के सख्त तेवर हुए वायरल
- डीग पुलिस चीफ का बेबाक अंदाज: मतगणना में बाधा डालने वालों को एसपी कांबले ने दी कड़ी चेतावनी
09-11-2026 डीग:
राजस्थान के डीग जिले में पंचायत चुनाव के दौरान एक बार फिर आईपीएस शरण कांबले अपने सख्त तेवरों को लेकर चर्चा में हैं। केथवाड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच पद की मतगणना के दौरान री-काउंटिंग की मांग को लेकर हुए हंगामे के बीच एसपी शरण कांबले ने खुद मोर्चा संभाला और चुनाव प्रक्रिया में व्यवधान डालने वालों को दो टूक चेतावनी दी। उनका यह बेबाक और सख्त अंदाज अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में एसपी का यह कहना कि 'ऐसा इलाज करूंगा, पुश्तें याद रखेंगी...' लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर आईपीएस शरण कांबले की जमकर तारीफ हो रही है।
दरअसल, डीग जिले की केथवाड़ा ग्राम पंचायत में 5 नवंबर की रात से सरपंच पद के लिए मतगणना जारी थी। 6 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे तक भी चुनाव परिणाम स्पष्ट नहीं हो पाया था। इसी दौरान पूर्व सरपंच नोमान खान की ओर से री-काउंटिंग की मांग उठाई गई। इसके बाद अलग-अलग प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़ मतगणना स्थल पर जमा होने लगी। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और चुनाव प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसपी शरण कांबले पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने भीड़ को सख्त लहजे में पांच मिनट के भीतर मतगणना स्थल से हटने की चेतावनी दी। वायरल वीडियो में वे कहते सुनाई दे रहे हैं, 'आपके पास पांच मिनट का वक्त है, यहां से हट जाएं, नहीं तो पूरे डीग जिले की पुलिस आ जाएगी।' इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि चुनाव प्रक्रिया में किसी ने भी बाधा डालने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की तो उसके खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी, जिसे उसकी पीढ़ियां याद रखेंगी।
*जमीन पर सक्रियता और सख्त कार्यशैली से बनाई अलग पहचान*
आईपीएस शरण कांबले की पहचान केवल पुलिस अधिकारी के तौर पर ही नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर काम करने वाले अफसर के रूप में भी रही है। वे सोशल मीडिया पर भी लगातार सक्रिय रहते हैं और पुलिस की कार्रवाई, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा अपराध नियंत्रण को लेकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराते रहे हैं। डीग क्षेत्र में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने से लेकर अवैध खनन और नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी पुलिस कार्रवाई तक, उनकी कार्यशैली लगातार चर्चा में रही है।
अब पंचायत चुनाव के दौरान उनका यह सख्त अंदाज एक बार फिर सुर्खियों में है। निष्पक्ष और निर्भीक चुनाव संपन्न कराने की जिम्मेदारी के बीच उन्होंने साफ संदेश दिया कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में किसी भी तरह का दबाव, हंगामा या बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चुनाव किसी के प्रभाव या दबाव से नहीं, बल्कि नियम और कानून के मुताबिक ही संपन्न होंगे। यही वजह है कि उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनकी सख्त कार्यशैली की सराहना कर रहे हैं।
*12 घंटे बाद घोषित हुआ परिणाम, सहनाज साजिद खान बनीं सरपंच*
इधर, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मतगणना और री-काउंटिंग की प्रक्रिया जारी रही। करीब 12 घंटे तक चले घटनाक्रम और इंतजार के बाद आखिरकार चुनाव परिणाम घोषित किया गया। इसमें सहनाज साजिद खान ने 18 वोटों से जीत दर्ज कर सरपंच पद हासिल किया। वहीं, केथवाड़ा पंचायत में लगातार सरपंच रहे नोमान खान को इस बार हार का सामना करना पड़ा।
कुल मिलाकर, केथवाड़ा पंचायत का यह चुनाव परिणाम जितना चर्चा में रहा, उससे कहीं ज्यादा सुर्खियां एसपी शरण कांबले के सख्त तेवरों ने बटोरी हैं। उनका वायरल वीडियो कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस के कड़े रुख और चुनावी प्रक्रिया में किसी भी तरह का हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं करने के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
पुलिस का पक्ष
कुल मिलाकर, केथवाड़ा पंचायत का यह चुनाव परिणाम जितना चर्चा में रहा, उससे कहीं ज्यादा सुर्खियां एसपी शरण कांबले के सख्त तेवरों ने बटोरी हैं। उनका वायरल वीडियो कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस के कड़े रुख और चुनावी प्रक्रिया में किसी भी तरह का हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं करने के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





