राजसमंद में NH-58 पर पलटते ही ट्रक में लगी आग, चालक जिंदा जला; खलासी गंभीर रूप से झुलसा
राजसमंद जिले के भीम थाना क्षेत्र में सोमवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। ब्यावर से राजसमंद जा रहा एक ट्रक चूना का भट्टा के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। पलटते ही ट्रक में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक भागचंद तेली केबिन से बाहर नहीं निकल सका और उसकी जिंदा जलने से मौत हो गई। वहीं, खलासी सुरेश जाट गंभीर रूप से झुलस गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद ब्यावर रेफर किया गया है।

मुख्य बातें
- राजसमंद में ट्रक पलटते ही लगी भीषण आग, चालक जिंदा जला
- NH-58 पर दर्दनाक हादसा, ट्रक चालक की मौत; खलासी गंभीर
- डेढ़ घंटे बाद पहुंची दमकल, तब तक जलकर खाक हो गया ट्रक
RAJSAMAND,24 NOV. 2026:
अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटा ट्रक
भीम थाना प्रभारी दिलीप कुमार खदाव के अनुसार, ट्रक ब्यावर से राजसमंद की तरफ जा रहा था। चूना का भट्टा के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रक सड़क पर पलट गया।हादसे के तुरंत बाद ट्रक में भीषण आग भड़क उठी। आग लगने के कारणों को लेकर घर्षण या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
चालक की मौके पर मौत, खलासी अस्पताल में भर्ती
हादसे में ट्रक चालक भागचंद पुत्र सांवरलाल तेली की मौके पर ही मौत हो गई। वह मकरेड़ा, मांगलियावास क्षेत्र का निवासी था।वहीं, ट्रक में मौजूद खलासी सुरेश पुत्र रामकरण जाट भी आग की चपेट में आ गया। वह भी मकरेड़ा, मांगलियावास का निवासी है। गंभीर रूप से झुलसे सुरेश को भीम में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए ब्यावर रेफर कर दिया गया।मृतक के शव को भीम उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने परिजनों और ट्रक मालिक को घटना की सूचना दे दी है।
डेढ़ घंटे देरी से पहुंची दमकल
हादसे के बाद मौके पर चार घंटे से अधिक समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। इस घटना ने भीम नगरपालिका में दमकल वाहन की कमी का मुद्दा फिर सामने ला दिया।भीम में दमकल उपलब्ध नहीं होने के कारण देवगढ़ नगरपालिका से फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी। दूरी अधिक होने से दमकल को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे लग गए। तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।
क्रेन से हटवाया गया जला हुआ ट्रक
देर रात आग बुझने के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से जले हुए ट्रक को सड़क किनारे हटवाया। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारू कराया गया।
पुलिस का पक्ष
पुलिस ने क्रेन की मदद से जले हुए ट्रक को सड़क किनारे हटवाया।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





