राजस्थान में चार अवैध बांग्लादेशी नागरिक डिटेन, दो महिलाओं के पास मिले फर्जी आधार कार्ड
राजस्थान के राजसमंद और सलूंबर जिलों में पुलिस ने दो महिलाओं सहित चार बांग्लादेशी नागरिकों को डिटेन किया है। उदयपुर सीआईडी विशेष शाखा और जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। राजसमंद के चारभुजा क्षेत्र से दो महिलाओं को संदिग्ध दस्तावेजों के साथ पकड़ा गया। वहीं, सलूंबर की सोम नदी में मछली पकड़ते मिले दो युवकों ने बांग्लादेशी नागरिक होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने चारों को डिटेंशन सेंटर भेज दिया है। अब उन्हें डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

मुख्य बातें
- राजस्थान में दो महिलाओं सहित चार बांग्लादेशी नागरिक डिटेन
- फर्जी आधार कार्ड से रह रही थीं महिलाएं, पुलिस ने पकड़ा
- राजसमंद और सलूंबर में पुलिस की कार्रवाई, चार विदेशी नागरिक डिटेन
RAJSAMAND,19 NOV. 2026:
चारभुजा में दो महिलाएं फर्जी आधार कार्ड के साथ पकड़ी गईं
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को जिला विशेष शाखा को चारभुजा थाना क्षेत्र में दो संदिग्ध महिलाओं की सूचना मिली थी। उनके पास संदिग्ध दस्तावेज होने की जानकारी भी मिली। इसके बाद संयुक्त पूछताछ समिति गठित की गई।पूछताछ में दोनों महिलाओं के बांग्लादेशी नागरिक होने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने फर्जी आधार कार्ड बनवा रखे थे। जांच में उनके अनैतिक व्यापार से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस मामले में कथित दलालों और नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।
एक महिला का पासपोर्ट दिसंबर 2025 में हो चुका था समाप्त
पुलिस के अनुसार, पहली महिला की पहचान पिया खातून उर्फ रानीदास (31) के रूप में हुई है। वह बांग्लादेश के खुलना डिवीजन के ढाका क्षेत्र की निवासी बताई गई है। उसका पासपोर्ट दिसंबर 2025 में समाप्त हो चुका था। जांच में सामने आया कि वह 2 नवंबर 2026 को असम के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थी।दूसरी महिला की पहचान शीला खान (23) के रूप में हुई है। वह बांग्लादेश के जेसोर की निवासी बताई गई है। पुलिस के अनुसार, वह 2021 में भारत आई थी। वर्तमान में उदयपुर के गिर्वा क्षेत्र स्थित कानपुर में रह रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि उसने भारत में रहते हुए 2021 और 2023 में दो शादियां की थीं।दोनों महिलाओं को पहले उदयपुर के नारी निकेतन भेजा गया था। फिलहाल उन्हें राजसमंद के अस्थायी डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।
सलूंबर की सोम नदी में मछली पकड़ते मिले दो युवक
दूसरी कार्रवाई 17 नवंबर को सलूंबर जिले में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि दुदर क्षेत्र में दो संदिग्ध व्यक्ति कई दिनों से रह रहे हैं। दोनों के सोम नदी में मछली पकड़ने की जानकारी मिली थी।इसके बाद सीआईडी जोन यूनिट और जिला पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने बांग्लादेशी नागरिक होना स्वीकार किया।पुलिस ने उनकी पहचान नृपेन बैद्य (40) और अपुबिसवास (21) के रूप में की है। नृपेन बैद्य के पिता का नाम निराद बैद्य है। वह बांग्लादेश के गोपालगंज जिले के ललुआ का निवासी बताया गया है। वहीं, अपुबिसवास के पिता का नाम दीपक बिसवास है। वह गोपालगंज जिले के डोमराशूर का निवासी बताया गया है।पुलिस के अनुसार, दोनों ने अवैध रूप से भारतीय सीमा में प्रवेश किया था। दोनों को भी डिटेंशन सेंटर भेजा गया है।
डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू, नेटवर्क की जांच जारी
चारों नागरिकों को डिटेन करने के बाद संबंधित एजेंसियों ने डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां महिलाओं से जुड़े कथित अनैतिक व्यापार और दलालों के नेटवर्क की भी जांच कर रही हैं।यह कार्रवाई राजसमंद एसपी हेमंत कलाल, सलूंबर एसपी बिशनाराम और सीआईडी विशेष शाखा जोन उदयपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह के निर्देशन में की गई।
पुलिस टीमों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में राजसमंद डीएसबी टीम की कल्पना सिंह, चारभुजा थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह, यमनेश कुमार, भंवर सिंह और शक्ति सिंह शामिल रहे।वहीं, सलूंबर टीम से थानाधिकारी मुकेश नागदा, डीएसबी प्रभारी उम्मेदीलाल और सीआईडी यूनिट के पंकज पाटीदार की अहम भूमिका रही।
पुलिस का पक्ष
नेटवर्क की जांच जारी
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





