भीलवाड़ा में CA छात्रा प्राची मेहता की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई, मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त
भीलवाड़ा में 17 वर्षीय CA छात्रा प्राची मेहता की मौत के मामले में औषधि नियंत्रण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सुभाषनगर स्थित लवकुश मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। छात्रा को कथित तौर पर मेडिकल स्टोर पर इंजेक्शन लगाया गया था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और उपचार के दौरान मौत हो गई। जांच में मेडिकल स्टोर पर दवाओं की बिक्री और भंडारण से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।

मुख्य बातें
- प्राची मेहता मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त
- गलत इंजेक्शन के आरोप के बाद मेडिकल स्टोर पर गिरी गाज, जांच में मिलीं कई खामियां
- भीलवाड़ा CA छात्रा मौत मामला, लवकुश मेडिकल स्टोर का लाइसेंस रद्द
BHILWARA,24 NOV. 2026:
जांच में मिलीं दवाओं की बिक्री से जुड़ी गंभीर खामियां
अनुज्ञापन प्राधिकारी एवं सहायक औषधि नियंत्रक महेंद्र सिंह शेखावत ने सोमवार को लाइसेंस निरस्त करने के आदेश जारी किए।इससे पहले स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान फर्म संचालक और रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट रामप्रसाद शर्मा अनुपस्थित मिले।जांच रिपोर्ट के अनुसार, एनडीपीएस श्रेणी और शेड्यूल एच-1 की दवाओं व इंजेक्शनों की बिक्री के बिल जारी नहीं किए जा रहे थे। इनके अवैध बेचान और खरीदे गए इंजेक्शनों के अवैध चिकित्सा अभ्यास में इस्तेमाल की आशंका भी सामने आई।इसके अलावा, मेडिकल स्टोर पर शेड्यूल एच-1 का अनिवार्य रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं मिला।
मेडिकल स्टोर में मिले दो बेड, एक्सपायरी दवाओं की अलग व्यवस्था नहीं
निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर में अवैध चिकित्सा अभ्यास के लिए दो बेड लगे मिले। एक्सपायरी दवाओं के लिए अलग रैक की व्यवस्था भी नहीं थी।वहीं, पशुओं के उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवाएं कॉस्मेटिक और मानव उपयोग की दवाओं के साथ रखी मिलीं। विभाग ने इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए लाइसेंस निरस्त करने का फैसला किया।
सात दिन में लाइसेंस और दवाओं के स्टॉक की जानकारी देने के निर्देश
विभाग ने संचालक को सात दिन के भीतर मूल लाइसेंस की प्रतियां कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही शेष दवाओं के स्टॉक की सूची देने और नियम 66ए के तहत स्टॉक का निस्तारण करने को कहा गया है।आदेश के अनुसार, 23 नवंबर के बाद मेडिकल स्टोर पर औषधि व्यवसाय संचालित करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्या था प्राची मेहता की मौत का मामला?
घटना 11 नवंबर की शाम की बताई गई है। सुभाषनगर क्षेत्र में रहने वाले राकेश मेहता की 17 वर्षीय बेटी प्राची को बुखार आया था। इसके बाद परिजन उसे लवकुश मेडिकल स्टोर लेकर पहुंचे।आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने प्राची को खुद इंजेक्शन लगाया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। अगले दिन परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।हालांकि, रात में उसकी हालत दोबारा गंभीर हो गई। परिजनों ने उसे फिर अस्पताल में भर्ती कराया। स्थिति नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उदयपुर रेफर कर दिया। वहां 14 नवंबर को उपचार के दौरान प्राची की मौत हो गई।
आक्रोशित लोगों ने मेडिकल स्टोर में लगाई थी आग
प्राची की मौत की खबर भीलवाड़ा पहुंचने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग मेडिकल स्टोर के बाहर जमा हो गए।आक्रोशित लोगों ने दुकान पर पथराव किया और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाद में प्रशासन ने मेडिकल स्टोर को सीज कर दिया था।अब औषधि नियंत्रण विभाग ने निरीक्षण में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर फर्म का लाइसेंस निरस्त कर दिया है।
पुलिस का पक्ष
लवकुश मेडिकल स्टोर का लाइसेंस रद्द
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





