राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला, आज कांग्रेस का देशभर में कैंडल मार्च
NEET पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस शनिवार को देशभर में कैंडल मार्च और सत्याग्रह आयोजित कर रही है। इस बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए पेपर लीक के मुद्दे को लेकर सरकार की आलोचना की। वहीं, दिल्ली में जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन जारी है और CJP ने भी सरकार के रुख पर सवाल उठाए हैं।
राहुल गांधी का सोशल मीडिया पर हमला
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा, “मेट्रो बंद करो, रास्ते बंद करो, दुकानें बंद करो, इंटरनेट बंद करो, खाना बंद करो। अपना हक मांग रहे छात्रों के खिलाफ सरकार ने ये क्रूर कदम उठाए। बस एक चीज बंद नहीं कर पाए, मोदी जी- पेपर लीक।” राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, जबकि मूल मुद्दे पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली को लेकर राजनीतिक बहस तेज बनी हुई है।
आज देशभर में कांग्रेस का कैंडल मार्च
कांग्रेस ने NEET और अन्य परीक्षा संबंधी विवादों को लेकर देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, सभी प्रदेश कांग्रेस समितियों को जिला स्तर पर कैंडल मार्च और सत्याग्रह आयोजित करने के लिए कहा गया है। कांग्रेस का कहना है कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों के साथ एकजुटता दिखाना और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा जवाबदेही की मांग उठाना है। पार्टी के अनुसार, प्रत्येक जिले में मार्च का समापन महात्मा गांधी या डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि और सत्याग्रह के साथ किया जाएगा।
दिल्ली में प्रदर्शन के बीच मेट्रो स्टेशन बंद
दिल्ली में जारी विरोध प्रदर्शनों के मद्देनज़र कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने जानकारी दी है कि सुरक्षा कारणों से शनिवार को भी 18 मेट्रो स्टेशनों पर परिचालन प्रभावित रहेगा। इसके अलावा राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाए गए हैं।
CJP ने सरकार को दी चेतावनी
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं तो सरकार के साथ बैठक का कोई औचित्य नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन अपनी आगे की रणनीति पर काम कर रहा है और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जा सकता है। वहीं, CJP ने सोशल मीडिया पर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि प्रधानमंत्री शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं ले सकते, तो उन्हें स्वयं नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
शिक्षा मुद्दे पर सियासत तेज
पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्म बना हुआ है। एक ओर विपक्ष सरकार से जवाबदेही और कार्रवाई की मांग कर रहा है, वहीं सरकार का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। छात्रों के प्रदर्शन, विपक्ष के आंदोलन और राजनीतिक दलों के बयानों के बीच यह मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।