रामगढ़ में विधायक सुखवंत सिंह की जनसुनवाई: बिजली, पानी और सड़क समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
रामगढ़/अलवर। सोमवार को रामगढ़ कस्बे की दशमेश कॉलोनी (अलवर-दिल्ली हाईवे) स्थित विधायक जनसुनवाई केंद्र पर विधायक सुखवंत सिंह ने आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
जनसुनवाई को प्रभावी बनाने के लिए जलदाय, बिजली, राजस्व विभाग और नगरपालिका के अधिकारियों को मौके पर ही बुलाया गया। विधायक ने जलदाय विभाग के एईएन सियाराम गुर्जर, बिजली विभाग के एईएन ओमप्रकाश अग्रवाल, नौगांवा के नायब तहसीलदार भगवान दास मीणा तथा नगरपालिका के जेईएन सौरभ तायल को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान किया जाए।
रामगढ़ रेलवे स्टेशन रोड क्षेत्र के ग्रामीणों ने सड़क पर जलभराव की समस्या उठाई, जिस पर विधायक ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं बेरेबास क्षेत्र के लोगों ने पंचवीर बाबा चबूतरे पर बोरिंग कराने की मांग रखी, जिसे भी जल्द पूरा करने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए।
जनसुनवाई में जैन समाज के प्रतिनिधियों ने अजीत जैन और मोहित जैन के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपते हुए साध्वियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और हालिया घटना को विधानसभा में उठाने की मांग की। विधायक ने इस पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके अलावा सिख समाज के लोगों ने गगनदीप के साथ हुई मारपीट के मामले में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। इस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में सबसे अधिक शिकायतें बिजली, पानी, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी रहीं। विधायक सुखवंत सिंह ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता है और इस दिशा में सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष भगवान सैनी, गोविंद सैनी सहित भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।