#क्राइम #राज्य-शहर

झालावाड़ पुलिस का एक्शन, हथियारों के साथ रील बनाकर दहशत फैलाने वाले दो युवक गिरफ्तार

राजस्थान के झालावाड़ जिले में सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ रील बनाकर गन कल्चर को बढ़ावा देने और लोगों में दहशत फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार और वीडियो बनाने में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों पर आगे भी कड़ी निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

सोशल मीडिया पर गन कल्चर के खिलाफ चला विशेष अभियान

झालावाड़ पुलिस ने बताया कि जिले में सोशल मीडिया के माध्यम से अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने, फायरिंग के वीडियो साझा करने और गन कल्चर को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रही संदिग्ध रीलों और वीडियो की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में घाटोली और जावर थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

पंप एक्शन गन से फायरिंग का वीडियो पड़ा भारी

घाटोली थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के आधार पर चुरेलिया निवासी 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी पंप एक्शन गन के साथ फायरिंग करते हुए वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर साझा कर रहा था। जांच में सामने आया कि वह अपने प्रभाव का प्रदर्शन करने और लोगों में भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से इस तरह की रील बना रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध हथियार और वीडियो बनाने में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें – पत्नी को लेने गया युवक, जंगल में पेड़ से लटके मिले नवदंपती के शव; गर्भवती थी पत्नी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

फिल्मी अंदाज में बंदूक लहराकर बनाया वीडियो

दूसरे मामले में जावर थाना पुलिस ने पृथ्वीपुरा निवासी 26 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया। आरोप है कि वह एक नाली टोपीदार बंदूक के साथ फिल्मी शैली में वीडियो बनाकर फेसबुक पर अपलोड कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। उसके पास से अवैध बंदूक और वीडियो अपलोड करने में इस्तेमाल स्मार्टफोन भी बरामद किया गया। पुलिस अब यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

एसपी बोले- हथियारों के प्रदर्शन पर होगी सख्त कार्रवाई

झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन, फायरिंग के वीडियो या गन कल्चर को बढ़ावा देने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने युवाओं से भी अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए कानून का उल्लंघन न करें, क्योंकि इस तरह की हरकतें न केवल अपराध की श्रेणी में आती हैं, बल्कि समाज में भय और गलत संदेश भी फैलाती हैं।

https://x.com/stvnewsonline

https://www.facebook.com/StvNews2006

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *